125 strategic Projects: लद्दाख में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्योक टनल से बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) के 125 महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स राष्ट्र को समर्पित किए। इनमें 28 सड़कें, 93 पुल और 4 स्ट्रेटेजिक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स शामिल हैं, जो 7 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में फैले हैं। इन प्रोजेक्ट्स के माध्यम से लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और मिज़ोरम के दुर्गम इलाकों में कनेक्टिविटी को एक नई गति मिली है। रक्षा मंत्री ने कठिन परिस्थितियों में काम करने के लिए BRO के जज़्बे और क्षमता की सराहना की और कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से सैनिकों और सीमा पर रहने वाले लोगों दोनों को बड़ा फायदा मिलेगा।
स्ट्रेटेजिक कनेक्टिविटी में बड़ी छलांग
उद्घाटन किए गए मुख्य प्रोजेक्ट्स में लद्दाख की 920 मीटर लंबी कट-एंड-कवर श्योक टनल सबसे अहम है, जो भूस्खलन और एवलांच वाले क्षेत्र में सालभर निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करेगी। यह टनल दुर्गम DBO रोड का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है, जो LAC के बेहद करीब तक कनेक्टिविटी देता है। दो हिस्सों में बनी इस टनल के बीच श्योक नदी पर 25 मीटर का पुल तैयार किया गया है, जो भारी सैन्य वाहनों और टैंकों की आवाजाही को आसान बनाता है और सैटेलाइट नज़र से भी सुरक्षित डिजाइन किया गया है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी कई सड़कें और पुल तैयार किए गए हैं, जिनसे तवांग, सिक्किम और मिज़ोरम के बॉर्डर इलाकों तक पहुंच मजबूत हुई है।
यह भी देखेंःIndiGo crisis deepens: इंडिगो का संकट गहराया, दिल्ली-मुंबई में उड़ानें रद्द, यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं
स्थानीय विकास को मजबूती
इन प्रोजेक्ट्स से न केवल सेना की ऑपरेशनल मोबिलिटी में सुधार होगा, बल्कि बॉर्डर के गांवों तक लास्ट-माइल कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है। हाल के वर्षों में BRO ने तेजी से काम करते हुए सिर्फ लद्दाख में 46 नए पुल तैयार किए हैं। सरकार के प्रयासों के चलते स्ट्रेटेजिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार पहले की तुलना में कई गुना बढ़ा है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिली है।