पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और टेक दुनिया में एक खबर तेजी से फैल रही है कि करीब 14 करोड़ से ज्यादा लोगों के ईमेल और पासवर्ड लीक हो गए हैं। सुनते ही लोगों को लग रहा है कि कहीं Gmail, Facebook या किसी बड़ी कंपनी का सर्वर हैक तो नहीं हो गया। लेकिन सच्चाई थोड़ी अलग है। यह कोई नया बड़ा साइबर अटैक नहीं है, बल्कि सालों पहले हुए अलग-अलग डेटा लीक्स को जोड़कर बनाई गई एक बड़ी लिस्ट है, जो अब इंटरनेट पर घूम रही है।
डेटा लीक हुआ कैसे
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह डेटा किसी एक कंपनी के सिस्टम में सेंध लगाकर नहीं चुराया गया। दरअसल, पिछले कई सालों में अलग-अलग वेबसाइट्स और ऐप्स से जो ईमेल-पासवर्ड लीक हुए थे, उन्हीं सबको जोड़कर एक नया डेटाबेस बनाया गया है। आसान शब्दों में कहें तो पुरानी चोरियों को इकट्ठा करके एक बड़ी फाइल तैयार की गई है। इसलिए यह खबर डराने वाली जरूर है, लेकिन पूरी तरह नई नहीं है।
असल खतरा कहां है
सबसे बड़ा खतरा उन लोगों के लिए है जो एक ही पासवर्ड कई जगह इस्तेमाल करते हैं। अगर आपका ईमेल और पासवर्ड पहले किसी साइट से लीक हुआ था और आपने वही पासवर्ड Gmail, सोशल मीडिया या बैंकिंग ऐप में भी लगाया है, तो हैकर्स उसे दूसरी जगह आजमा सकते हैं। इसे क्रेडेंशियल स्टफिंग अटैक कहा जाता है। यानी समस्या सिर्फ डेटा लीक की नहीं, बल्कि हमारी पासवर्ड रखने की आदत की है।
ये भी पढ़ें : Train पकड़ने से पहले सावधान! Tejas, Humsafar, Amrit Bharat समेत 12 ट्रेनों का बदला समय, नहीं देखा शेड्यूल तो छूट सकती है ट्रेन
कैसे पता करें आपका डेटा लीक हुआ या नहीं
यह जानने के लिए एक भरोसेमंद वेबसाइट है, जिसका नाम है Have I Been Pwned। इसे साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट ट्रॉय हंट ने बनाया है और दुनिया भर की बड़ी कंपनियां भी इस पर भरोसा करती हैं। वेबसाइट पर जाकर बस अपना ईमेल आईडी डालें। अगर आपका ईमेल किसी डेटा लीक में शामिल रहा होगा, तो साइट तुरंत बता देगी कि
– किस वेबसाइट से डेटा लीक हुआ
– किस साल लीक हुआ
– सिर्फ ईमेल लीक हुआ या पासवर्ड भी
अगर आपका डेटा लीक निकले तो क्या करें
घबराने की जरूरत नहीं है। सबसे पहले जिस वेबसाइट से डेटा लीक हुआ है, वहां का पासवर्ड तुरंत बदलें। अगर वही पासवर्ड आपने दूसरी साइट्स पर भी लगाया है, तो वहां भी बदल दें। आगे से हर जरूरी वेबसाइट के लिए अलग-अलग पासवर्ड रखें। इसके साथ ही 2-स्टेप वेरिफिकेशन या 2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन जरूर ऑन करें, ताकि बिना OTP के कोई लॉगिन न कर सके।
आगे से खुद को कैसे सुरक्षित रखें
पासवर्ड याद रखने में परेशानी होती है, तो पासवर्ड मैनेजर का इस्तेमाल करें। ये टूल्स आपके लिए मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड बनाते हैं और सुरक्षित रखते हैं। इसके अलावा समय-समय पर अपने अकाउंट्स की सिक्योरिटी सेटिंग्स चेक करते रहें। याद रखें, इंटरनेट पर पूरी सुरक्षा हमारी आदतों से ही शुरू होती है।