Kumkum Mohod Creates History at Asian Games 2026:17 साल की भारतीय तीरंदाज कुमकुम अनिल मोहोद ने एशियन गेम्स 2026 में ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने भारतीय तीरंदाजी को नई पहचान दी है। 3 अक्टूबर को महिलाओं की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा के फाइनल में कुमकुम ने दक्षिण कोरिया की ओह येजिन को रोमांचक मुकाबले में हराकर गोल्ड मेडल जीता। पांच सेट के बाद दोनों 5-5 की बराबरी पर थीं। इसके बाद मुकाबला शूट-ऑफ तक पहुंचा, जहां कुमकुम ने 10 का निशाना लगाया, जबकि ओह येजिन 8 अंक ही हासिल कर सकीं।
पहली भारतीय महिला बनीं कुमकुम
इस जीत के साथ कुमकुम एशियन गेम्स के इतिहास में महिलाओं की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। खास बात यह है कि उनके हाथ आया यह मेडल सीधे गोल्ड का है। इससे पहले भारत को इस स्पर्धा में ऐसा पदक नहीं मिला था। उनकी जीत ने दक्षिण कोरिया के लंबे समय से चले आ रहे दबदबे के बीच भारतीय तीरंदाजी के लिए एक बड़ा पल भी बनाया है।
दो दिन में तीन मेडल का कमाल
कुमकुम का यह एशियन गेम्स अभियान केवल एक गोल्ड तक सीमित नहीं है। उन्होंने महिलाओं की रिकर्व टीम स्पर्धा में गोल्ड जीता था। इसके बाद धीरज बोम्मदेवरा के साथ मिश्रित रिकर्व टीम में सिल्वर मेडल हासिल किया। अब व्यक्तिगत स्पर्धा का गोल्ड जीतकर उन्होंने अपने पदकों की संख्या तीन कर ली है। यानी सिर्फ दो दिनों में कुमकुम ने दो गोल्ड और एक सिल्वर अपने नाम किए।
फाइनल से पहले भी दिखाया दम
गोल्ड तक पहुंचने का रास्ता भी आसान नहीं था। कुमकुम ने क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की विश्व चैंपियन कांग चेयंग को 6-4 से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में चीन की झू जिंगयी को 6-2 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। यानी फाइनल तक पहुंचते-पहुंचते वह बड़े अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को पीछे छोड़ चुकी थीं।
अब नजर 2028 ओलंपिक पर
कुमकुम की इस जीत का असर सिर्फ एशियन गेम्स के पदक तक नहीं है। उनकी उपलब्धि के साथ भारत ने महिलाओं की रिकर्व तीरंदाजी में लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए कोटा स्थान भी हासिल किया है। यह कोटा देश के नाम है, किसी एक खिलाड़ी के नाम नहीं। 17 साल की उम्र में कुमकुम का यह प्रदर्शन भारतीय तीरंदाजी के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने एक ही एशियन गेम्स में टीम, मिश्रित टीम और व्यक्तिगत तीनों रिकर्व स्पर्धाओं में पदक हासिल किए हैं।
ये भी पढ़ें:भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ठोके 211 रन, अभिषेक-तिलक-दुबे की तूफानी बल्लेबाजी से फाइनल में बनाया विशाल स्कोर