MBBS Seat: देशभर के मेडिकल उम्मीदवारों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्र सरकार ने देश में चिकित्सा शिक्षा के ढांचे को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है। सरकार ने साल 2025-26 के सत्र के लिए 11,682 नई MBBS सीटों को मंजूरी दी है। इसके साथ ही देश के अलग-अलग हिस्सों में 43 नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने की भी स्वीकृति दे दी गई है।
पीजी सीटों में वृद्धि
आपको बता दें कि सिर्फ अंडरग्रेजुएट ही नहीं, बल्कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए पीजी सीटों में भी 8,967 की वृद्धि की गई है। इसमें AIIMS और अन्य राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों (INIs) की सीटें भी शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इससे मेडिकल शिक्षा में दाखिले के ज्यादा अवसर बनेंगे और छात्रों को अपने ही देश में बेहतर पढ़ाई का मौका मिलेगा।
43 मेडिकल कॉलेज शुरू करने का फैसला
मेडिकल सीटों के साथ-साथ सरकार ने 43 नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने का भी फैसला किया है। इन कॉलेजों के शुरू होने से न केवल मेडिकल पढ़ाई के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि कई राज्यों में स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें: AFCAT Result 2026: इंडियन एयरफोर्स AFCAT-1 परीक्षा का रिजल्ट जारी, ऐसे करें डाउनलोड
मेडिकल कॉलेजों की संख्या में भारी उछाल
आपको बता दें कि नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के आंकड़ों के अनुसार, इन नई सीटों को जोड़ने के बाद देश में कुल MBBS सीटों की संख्या 1.29 लाख के करीब पहुंच गई है। पिछले एक दशक में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में भी भारी उछाल आया है।
पिछले दस साल में बड़ा बदलाव
अगर साल 2014 की स्थिति देखें तो उस समय देश में कुल 387 मेडिकल कॉलेज थे। उस दौरान MBBS की 51,348 सीटें और पोस्टग्रेजुएट (PG) मेडिकल की 31,185 सीटें उपलब्ध थीं। वहीं अब मौजूदा समय में देश में 818 मेडिकल कॉलेज हो चुके हैं, जबकि MBBS सीटों की संख्या बढ़कर 1,28,976 हो गई है और PG मेडिकल सीटें भी बढ़कर 85,020 तक पहुंच गई हैं।