Covid-19: आंध्र प्रदेश के कड़पा जिले से एक चिंताजनक खबर आई है। राज्य में एक बार फिर कोरोना वायरस की वापसी हो गई है। कड़पा जिले में कोरोना वायरस से 46 साल से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इस घटना के बाद से स्थानीय स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। बता दें, यह जानकारी जिला मेडिकल और हेल्थ ऑफिसर रवि बाबू ने गुरुवार को दी।
सांस लेने में हो रही थी तकलीफ
हेल्थ ऑफिसर रवि बाबू ने बताया कि कड़पा के मसापेट इलाके के रहने वाले एक 46 साल के व्यक्ति को गंभीर खांसी और सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मरीज को दवाओं से भी आराम नहीं मिला और चार दिन के बाद उसकी जान चली गई। उन्होंने बताया कि मरीज शराब पीने का आदी थी।
कोरोना वायरस की हुई पुष्टि
उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उसका एक्स-रे किया गया तो रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उनके दोनों फेफड़े (Lungs) पूरी तरह खराब हो चुके थे और उन्हें निमोनिया भी हो गया था। डॉक्टरों ने शुरुआत में मरीज को अधिक डोज वाली एंटीबायोटिक दवाएं भी दी थीं। लेकिन उससे भी कुछ आराम नहीं मिला, तो इलाज के चौथे दिन डॉक्टरों ने उनका सीटी स्कैन कराया। जिसमें कोरोना वायरस की पुष्टि हुई।
यह भी पढ़ें: Vitamin Deficiency Symptoms: भरपूर नींद के बाद भी रहती है थकान? भूलकर भी न करें इग्नोर, डॉक्टर ने बताई बड़ी वजह
स्वास्थ्य विभाग ने उठाए एहतियाती कदम
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, कोविड-19 की पुष्टि होने के बाद तत्काल एहतियाती कदम उठाए गए। प्रभावित क्षेत्र में सैनिटाइजेशन कराया गया और मरीज के संपर्क में आए लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसमें उसके करीबी संपर्क और उनके संपर्क में आए दूसरे लोग, दोनों शामिल हैं ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। अधिकारियों ने लोगों से पैनिक न होने यानी न घबराने की अपील की है, लेकिन सावधानी बरतने की सलाह दी है।
कोरोना के अब तक हजारों वेरिएंट आ चुके
आपको बता दें कि भारत में कोविड से आधिकारिक तौर पर 2022 के अंत तक करीब 5.3 लाख मौतें दर्ज की गईं थीं। अब तक कोरोना वायरस के हजारों वैरिएंट सामने आ चुके हैं। इनमें से विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कुछ प्रमुख वैरिएंट को विशेष श्रेणी में रखा है, जिनमें अल्फा (Alpha), बीटा (Beta), गामा (Gamma), डेल्टा (Delta) और ओमिक्रॉन (Omicron) शामिल हैं। ओमिक्रॉन के भी समय-समय पर कई सब-वैरिएंट, जैसे JN.1, XFG और NB.1.8.1, सामने आए हैं।