.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D7a526800-20bc-4f2a-b082-ddf04413e403&w=3840&q=75)
Nepal jail: नेपाल में बिगड़े हालात के बीच जेलों से बड़े पैमाने पर कैदियों के भागने की घटनाएं सामने आ रही हैं। सिद्धार्थनगर बॉर्डर पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने नेपाल की जेल से फरार पांच कैदियों को भारत में घुसने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए कैदी भारत में ही रहना चाहते थे और उनका कहना था कि नेपाल में हालात इतने खराब हैं कि वहां लोग मारे जा रहे हैं, इसलिए वे भारतीय जेल में रहना पसंद करेंगे। इन कैदियों को आगे की जांच के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है।
नेपाल में हिंसा और अफरातफरी
नेपाल की 18 जिलों की जेलों से करीब 6 हजार कैदी भाग चुके हैं। हालात तब बिगड़े जब सरकार ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और एक्स जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रतिबंध लगाया। इसके खिलाफ बड़े पैमाने पर युवा सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई झड़प में 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी काठमांडू समेत कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। गुस्साए लोगों ने कई नेताओं के घरों और सरकारी इमारतों को निशाना बनाया तथा आगजनी की।
यह भी पढ़ेंःSaurabh Murder Case: पर्ची से छेड़छाड़ कर खरीदी नशीली दवा, डॉक्टर ने कोर्ट में किया खुलासा
सेना ने संभाली कमान, देश में कर्फ्यू
हालात काबू से बाहर होते देख प्रधानमंत्री ओली के इस्तीफे के बावजूद विरोध शांत नहीं हुआ। इसके बाद सेना ने मोर्चा संभालते हुए पूरे नेपाल में कर्फ्यू लगा दिया है। सुरक्षाबलों का कहना है कि प्रदर्शनकारियों से बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाएगा, लेकिन लगातार बढ़ती हिंसा ने स्थिति को और तनावपूर्ण बना दिया है। नेपाल इस समय आग की लपटों में घिरा हुआ है और सीमा पर अलर्ट जारी कर दिया गया है, ताकि फरार कैदी और उपद्रवी भारत की ओर भाग न सकें।