Viral News UP: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की एक मुर्रा नस्ल की भैंस इन दिनों पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है। मोहम्मदपुर गांव में पाली गई ‘गार्गी’ नाम की इस भैंस ने एक दिन में 23 लीटर से ज्यादा दूध देकर नया रिकॉर्ड बना दिया है। इसकी खासियत सिर्फ दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी कीमत भी लाखों में आंकी जा रही है। बताया जा रहा है कि गार्गी की कीमत 20 लाख से लेकर 50 लाख रुपये तक लग चुकी है, लेकिन मालिक परिवार इसे बेचने के लिए तैयार नहीं है।
प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
गार्गी के मालिक पूर्व जिला पंचायत सदस्य चौधरी विक्रम सिंह हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश कृषि एवं पशुपालन संघ और पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने गांव पहुंचकर भैंस की क्षमता का परीक्षण किया। लाइव मॉनिटरिंग के दौरान गार्गी ने 23 लीटर से अधिक दूध दिया, जिसके बाद उसे प्रदेश में पहला स्थान मिला। दूसरे और तीसरे स्थान की भैंसों ने क्रमशः 21.700 और 21.200 लीटर दूध दिया।
विशाल कद-काठी से भी खींच रही ध्यान
करीब चार साल की गार्गी अपने बड़े आकार के कारण भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। परिवार के अनुसार इसकी ऊंचाई लगभग साढ़े पांच फीट है। गांव में दूर-दूर से लोग इस खास भैंस को देखने पहुंच रहे हैं। पशुपालन विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी ऊंचाई और दूध देने की क्षमता वाली मुर्रा नस्ल की भैंस बहुत कम देखने को मिलती है।
यह भी देखेंःरोम की सड़कों पर दिखी Modi-Meloni की दोस्ती, कोलोजियम में साथ लिया सेल्फी मोमेंट
15 साल की मेहनत का मिला परिणाम
गार्गी के मालिक परिवार का कहना है कि इस सफलता के पीछे कई वर्षों की मेहनत है। शेखर चौहान ने बताया कि उनके पिता विक्रम सिंह पिछले 15 साल से बेहतर नस्ल तैयार करने पर काम कर रहे हैं। उन्होंने बाहर से पशु खरीदने के बजाय अपनी नस्ल को विकसित किया। गार्गी का टीका हरियाणा के प्रसिद्ध मुर्रा भैंसे ‘भीम’ से कराया गया था, जिसके बाद इसकी नस्ल और मजबूत हुई।
परिवार की पहचान बन चुकी है गार्गी
गार्गी की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। इसकी कीमत कई बार 50 लाख रुपये तक लग चुकी है, लेकिन परिवार इसे बेचने को तैयार नहीं है। विक्रम सिंह का कहना है कि अब गार्गी सिर्फ एक भैंस नहीं, बल्कि उनके परिवार की पहचान और सम्मान बन चुकी है। यही वजह है कि लाखों के ऑफर मिलने के बावजूद परिवार इसे अपने पास ही रखना चाहता है।