7 Nischay-3: बिहार को विकसित राज्य बनाने की दिशा में सरकार ने सात निश्चय-3 अभियान को और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें तय किया गया कि इस महत्वाकांक्षी योजना की जानकारी राज्य के हर घर तक पहुंचाई जाएगी। विभागीय मंत्री विजय कुमार चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों का प्रचार प्रभावी, पारदर्शी और तथ्यपरक तरीके से किया जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि किसी भी तरह की भ्रामक सूचना या अफवाह का तुरंत खंडन किया जाए, ताकि जनता तक सही जानकारी पहुंचे और विश्वास बना रहे।
15 प्रमुख विषय, व्यापक प्रचार
सात निश्चय-3 के तहत सरकार ने 15 अहम क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है, जिन पर विशेष रूप से जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इनमें रोजगार सृजन, विधि-व्यवस्था, पर्यटन, महिला सशक्तिकरण, पुलिस आधुनिकीकरण, नगर और औद्योगिक विकास, जलवायु परिवर्तन, आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और खेल जैसे विषय शामिल हैं। मंत्री ने बताया कि जनसंपर्क विभाग प्रिंट, टीवी, रेडियो के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, यूट्यूब, एक्स और इंस्टाग्राम के माध्यम से भी लोगों तक पहुंच बना रहा है। इसके अलावा होर्डिंग, फ्लेक्स, चैटबॉट और सोशल इन्फ्लूएंसर्स का भी सहारा लिया जा रहा है।
यह भी देखेंःMaulana Mahmood Madani: संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और आपसी सौहार्द जरूरी: मौलाना महमूद मदनी
सक्रिय जनसंपर्क, जनता की भागीदारी
बैठक में बताया गया कि राज्य के सभी विभागों में जनसंपर्क पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि योजनाओं की जानकारी समय पर और सही रूप में जनता तक पहुंचे। नियमित प्रेस ब्रीफिंग के जरिए सरकारी फैसलों का तथ्यात्मक प्रसार किया जा रहा है। विभाग प्राकृतिक आपदा, शांति-व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव के समय भी सक्रिय भूमिका निभाता है। साथ ही जनता से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक को एकत्र कर सरकार तक पहुंचाया जाता है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास की प्रक्रिया में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो और बिहार प्रगति के नए रास्ते पर आगे बढ़े।