IndiGo flights cancelled: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों गंभीर परिचालन संकट से जूझ रही है। बुधवार को एयरलाइन ने बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद समेत कई बड़े शहरों से 70 से अधिक उड़ानें रद्द कर दीं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। एयरलाइन के अनुसार, बीते कुछ दिनों से तकनीकी दिक्कतें, एयरपोर्ट पर बढ़ती भीड़ और ऑपरेशनल दबाव के चलते उड़ानों में देरी बढ़ती जा रही थी, लेकिन बुधवार को स्थिति और खराब हो गई। इंडिगो ने माना है कि सबसे बड़ी चुनौती क्रू की कमी है, जिसके कारण समय पर उड़ानें संचालित करना मुश्किल हो गया है। इस वजह से बड़ी संख्या में यात्रियों को अंतिम क्षण में रद्दीकरण और घंटों की देरी का सामना करना पड़ा।
क्रू की भारी कमी
सूत्रों के मुताबिक, एफडीटीएल यानी फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन के नए मानदंड लागू होने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। नए नियमों के तहत पायलटों और क्रू मेंबर्स की उड़ान समय सीमा पर सख्त नियंत्रण है। इसी वजह से इंडिगो पर्याप्त क्रू जुटा नहीं पा रही, जिसके चलते कई उड़ानें या तो रद्द करनी पड़ रही हैं या देरी से उड़ानी पड़ रही हैं। एयरलाइन का ऑन-टाइम परफॉर्मेंस भी बुरी तरह गिर गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, इंडिगो का प्रदर्शन मंगलवार को गिरकर केवल 35% रह गया, जबकि इसी दौरान अन्य एयरलाइंस का प्रदर्शन बेहतर रहा—एयर इंडिया 67.2%, स्पाइसजेट 82.5% और आकाशा एयर करीब 73% पर रही।
यह भी देखेंःMysterious status and billions: रहस्यमयी रुतबा और अरबों की दौलत? पुतिन की लाइफस्टाइल पर चौंकाने वाले खुलासे
एयरपोर्ट पर हंगामा
सबसे ज्यादा असर हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देखने को मिला, जहां इंडिगो ने दिल्ली, बेंगलुरु और अन्य शहरों के लिए 13 उड़ानें एक साथ रद्द कर दीं। यात्रियों को अचानक मिली जानकारी के कारण टर्मिनल पर अफरा-तफरी मच गई और लंबी कतारें लग गईं। एयरपोर्ट अथॉरिटी का कहना है कि इंडिगो से जुड़ी तकनीकी और ऑपरेशनल समस्याओं के कारण उड़ानों में देरी और रद्दीकरण बढ़ा है। स्थिति को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन फिलहाल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।