8वें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर सरकार से बड़ी आस लगाए बैठे हैं. इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं भी जोरों पर हैं. हर किसी के मन में एक ही सवाल बार-बार उठ रहा है, वो है कि आखिर कब बढ़ेगी सैलरी और कब नई पेंशन मिलेगी? वहीं दूसरी तरह इसको लेकर सोशल मीडिया पर भी कई तरह के दावे किए जा रहे हैं. कोई कह रहा है कि जनवरी से बढ़ी हुई सैलरी आ जाएगी, तो कोई ये कह रहा है कि महंगाई भत्ते बंद कर दिए जाएंगे.
हर कर्मचारी और पेंशन इसको लेकर सही स्थिति जानने को बेचैन है. ऐसे में 8वें वेतन आयोग के कुछ अपडेट्स के बारे में हम आपको बता देते हैं-
रिपोर्ट आने के बाद ही लागू होगी बढ़ी सैलरी
8वें वेतन आयोग को सरकार द्वारा मंजूरी दे दी गई है, लेकिन आयोग अपनी रिपोर्ट देने में लगभग 18 महीने का समय लेगा. इसका सीधा सा मतलब यह है कि जनवरी 2026 में तुरंत बढ़ी हुई सैलरी नहीं मिलेगी. मतलब ये कि सैलरी बढ़ेगी, लेकिन रिपोर्ट आने के बाद ही लागू हो पाएगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक वेतन संशोधन 1 जनवरी 2026 से लागू मान लिया जा सकता है, लेकिन इसका पैसा तुरंत अकाउंट में नहीं आएगा. कर्मचारियों को कुछ इंतजार करना पड़ेगा क्योंकि सभी बदलाव रिपोर्ट के बाद ही फाइनल होंगे.
DA-HRA और DR ना बंद होंगे, ना सैलरी में मर्ज
इसके साथ ही कई सोशल मीडिया पोस्ट में ये दावा किया जा रहा है कि 8वें वेतन आयोग में DA और HRA बंद हो जाएंगे. वहीं इसको लेकर सरकार ने खुद साफ कर दिया है कि DA-HRA पहले की तरह मिलते रहेंगे. इसके लिए कर्मचारियों और पेंशनरों को परेशान होने की जरूरत नहीं है. दूसरी तरफ कुछ लोगों का कहना है कि DA को बेसिक पे में जोड़ दिया जाएगा लेकिन सरकार ने साफ कहा है कि अभी ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं आया है. महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) पहले की तरह ही हर 6 महीने में रिवाइज किए जाएंगे.
ये भी पढ़ें : Crypto Market में तूफानी वापसी, फेड मीटिंग से पहले Bitcoin-Ethereum में जोरदार उछाल
8वें वेतन आयोग में 2.86 होगा फिटमेंट फैक्टर!
देशभर के करीब 50 लाख कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनरों को 8वें वेतन आयोग का फायदा मिलेगा. इससे सैलरी और पेंशन दोनों में बढ़ोतरी होगी. फिटमेंट फैक्टर वह फॉर्मूला होता है जिससे पुरानी सैलरी को गुणा करके नई सैलरी तय की जाती है. 7वें आयोग में यह 2.57 था. अभी माना जा रहा है कि 8वें वेतन आयोग में यह 2.86 या इससे ज्यादा हो सकता है.इससे सैलरी में अच्छी खासी बढ़ोतरी आएगी.
पेंशन में 30% से 34% तक बढ़ोतरी का अनुमान
8वें वेतन आयोग में सैलरी कितनी बढ़ सकती है सरकार ने इसको लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है लेकिन पिछले ट्रेंड्स अगर देखें तो सैलरी और पेंशन में 30% से 34% तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके साथ DA/DR भी बढ़े हुए बेसिक पर लागू होगा. वहीं DA और DR के फॉर्मूले की बात करें तो DA और DR दोनों की दरें AICPI-IW इंडेक्स के आधार पर हर 6 महीने में रिवाइज की जाती हैं. 8वें आयोग के बाद भी यह प्रोसेस इसी तरह से जारी रहेगा. अच्छी बात ये है कि DA और DR की दरें बराबर होती हैं, इसीलिए पेंशनरों को भी पूरा फायदा मिलता है.
रिपोर्ट आने से लागू होने तक के महीनों का भी मिलेगा एरियर
पेंशनर यूनियनों की पहले यह चिंता थी कि DR को बेसिक पेंशन में मर्ज कर दिया जाएगा लेकिन सरकार ने संसद में साफ कर दिया है कि पेंशन में DR को मर्ज करने का कोई प्रस्ताव नहीं आया है.इसलिए पेंशन पहले की तरह बढ़ती रहेगी. जब नई सैलरी और पेंशन 1 जनवरी 2026 से लागू होगी, तो रिपोर्ट आने से लेकर लागू होने तक के महीनों का एरियर भी मिलेगा. यानी कर्मचारियों और पेंशनर्स दोनों को एक बार में बड़ी रकम मिल सकती है.
8वां वेतन आयोग का सभी को मिलेगा फायदा
इस तरह 8वां वेतन आयोग लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ी राहत लेकर आने वाला है. नई सैलरी, बढ़ा हुआ DA-DR, और पेंशन में मोटी बढ़ोतरी. हालांकि सब कुछ रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा. फिलहाल सबसे जरूरी बात यह है कि DA, HRA और DR बंद नहीं होंगे और सैलरी-पेंशन में बढ़ोतरी का फायदा हर किसी को मिलेगा.