क्रिप्टो करेंसी बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहता है. वहीं पिछले कुछ दिनों से क्रिप्टो मार्केट लगातार टूटता जा रहा था. हालांकि बुधवार के कारोबारी दिन क्रिप्टो मार्केट में सुधार देखने को मिला. बुधवार को दुनिया की सबसे बड़ी और पुरानी क्रिप्टो करेंसी 93,000 डॉलर की कीमत को पार कर गई. जिसके बाद निवेशकों ने राहत की सांस ली है. क्रिप्टो में कई दिनों से जारी गिरावट के बाद इतनी तेज उछाल से निवेशकों का भरोसा दोबारा लौट सकता है. इसके साथ ही अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मीटिंग भी शुक्रवार को होनी है. वहीं रेट कट होने की वजह से क्रिप्टो बाजार को समर्थन मिल सकता है.
ये भी पढ़ें : MPC बैठक से पहले बाजार मेंहलचल, क्या RBI काट देगा महंगाई अनुमान? ग्रोथ को मिल सकती है जोरदार उड़ान
बिटकॉइन में आई तूफानी तेजी
बिटकॉइन की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से जारी गिरावट पर अब ब्रेक लग गया है. बिटकॉइन ने अब जबरदस्त वापसी की है. कॉइनमार्केटकैप के मुताबिक कारोबारी दिन के दौरान बिटकॉइन 93,758.92 डॉलर पर कारोबार कर रहा था. वहीं पिछले 24 घंटों की बात करें तो बिटकॉइन में करीब 8 फीसदी का उछाल आया है. बिटकॉइन पिछले दिनों अपने 7 महीने के रिकॉर्ड स्तर 90,000 डॉलर की कीमत से नीचे चला गया था. एथेरियम क्रिप्टो करेंसी भी पिछले 24 घंटे में करीब 10 फीसदी तक उछल गई है. एथेरियम 3,072 डॉलर पर कारोबार कर रही है. सोलाना में भी 12 प्रतिशत की तेजी दर्ज की जा रही है.
हाल ही में ETFs में बड़ी मात्रा में निवेश
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक बिटकॉइन के स्पॉट ETFs में हाल ही में बड़ी मात्रा में निवेश दिखाई दिया है. जिससे ट्रेडिंग वॉल्यूम बढ़कर 5.1 अरब डॉलर के आंकड़े पर पहुंच चुकी है. इतनी बड़ी मात्रा में जब पैसों का निवेश होता है, तो इसका सीधा असर कीमतों पर पड़ता है. साथ ही अमेरिकी फेड द्वारा ब्याज दरों की कटौती को लेकर भी बढ़ी उम्मीद इस तेजी का कारण हो सकता है.