8th Pay Commission Demand : 8वें वेतन आयोग को लेकर राजधानी दिल्ली में हुई बैठकों के बाद केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच नई उम्मीद जगी है. भारत पेंशनर्स समाज (BPS) ने आयोग के सामने कई बड़े सुझाव रखे हैं. इनमें न्यूनतम वेतन, न्यूनतम पेंशन, डीए बढ़ोतरी और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े अहम प्रस्ताव शामिल हैं. आयोग इन सुझावों पर विचार कर रहा है.
69 हजार न्यूनतम वेतन की मांग
BPS ने 8वें वेतन आयोग के सामने न्यूनतम मूल वेतन 69,000 रुपये तय करने की मांग रखी है. इसके लिए 3.83 फिटमेंट फैक्टर लागू करने का सुझाव दिया गया है. संगठन का मानना है कि महंगाई और बदलती आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए कर्मचारियों को बेहतर वेतन मिलना चाहिए ताकि उनकी जीवनशैली और जरूरतों का संतुलन बना रहे.
45 हजार न्यूनतम पेंशन का प्रस्ताव
पेंशनर्स संगठन ने न्यूनतम पेंशन 45,000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की है. साथ ही अंतिम मूल वेतन का 67 प्रतिशत पेंशन और पारिवारिक पेंशन को 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का सुझाव दिया गया है. संगठन का कहना है कि बढ़ती महंगाई के दौर में मौजूदा पेंशन व्यवस्था में सुधार की जरूरत है ताकि वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके.
ये भी पढ़ें : सोना 1.52 लाख के पार, चांदी में तूफानी उछाल... अब खरीदें या इंतजार करें, एक्सपर्ट ने दिया संकेत
हर तीन महीने पर DA बढ़ाने की मांग
बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में हर तिमाही यानी तीन महीने के औसत के आधार पर संशोधन किया जाए. इसके अलावा हर पांच साल में वेतन और पेंशन की समीक्षा करने की मांग भी रखी गई. इससे कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई के असर से राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है.
स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं पर जोर
BPS ने CGHS सुविधाओं को मजबूत करने, कैशलेस इलाज की व्यवस्था बढ़ाने और फिक्स्ड मेडिकल अलाउंस को 5,000 रुपये प्रतिमाह करने का सुझाव दिया है. ग्रामीण और गैर-CGHS क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनर्स के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की भी मांग की गई. इसके साथ HRA, LTC और अतिरिक्त पेंशन जैसे लाभों को भी दायरे में लाने का प्रस्ताव दिया गया.
अब आयोग के फैसले पर नजर
भारत पेंशनर्स समाज का कहना है कि उसने करीब 10 लाख पेंशनभोगियों की चिंताओं और अपेक्षाओं को आयोग के सामने रखा है. संगठन को उम्मीद है कि उसकी प्रमुख मांगों को अंतिम सिफारिशों में शामिल किया जाएगा. हालांकि फिलहाल ये केवल सुझाव हैं, अंतिम फैसला 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट और केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही सामने आएगा.