दिल्ली सरकार के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ कथित थप्पड़ कांड को लेकर विकासपुरी थाने में मामला दर्ज किया गया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने मंत्री पर हमला बोला है। वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रवेश वर्मा पर निशाना साधा और घटना को लेकर सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने X पर पोस्ट कर कहा कि वीडियो में दिल्ली सरकार के मंत्री एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी के मुताबिक, युवक सड़क निर्माण से जुड़ा वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। उन्होंने इस घटना को लेकर दिल्ली सरकार पर तीखी टिप्पणी की और कहा कि सड़क से जुड़े सवाल पूछने पर युवक के साथ मारपीट की गई।
AAP नेताओं ने की कार्रवाई की मांग
घटना के बाद आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल, आतिशी और सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं ने वीडियो शेयर कर मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। AAP नेताओं ने प्रवेश वर्मा को कैबिनेट से हटाने की मांग भी की। अरविंद केजरीवाल ने घटनास्थल पर जाकर स्थिति देखने की बात कही।
प्रवेश वर्मा ने दी सफाई
मंत्री प्रवेश वर्मा ने घटना को लेकर कहा कि जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। उनका आरोप है कि तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह सड़क निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे थे और उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे थे। प्रवेश वर्मा ने यह भी दावा किया कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें और उनके परिवार को अपशब्द कहे। उन्होंने विधायक पर अधिकारियों से कमीशन मांगने का आरोप भी लगाया है। इन आरोपों पर जरनैल सिंह का पक्ष भी सामने आना बाकी है।
दिल्ली की BJP सरकार के एक मंत्री वीडियो में एक नौजवान को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। उसका गुनाह? वो वीडियो बना रहा था। मंत्री के सामने सड़क खोदकर दिखाई जा रही थी, और उसके हाथ में कैमरा था। ये उस सत्ता का चेहरा है जिसे अब वोटर से डर लगना बंद हो गया है। सड़क पर सवाल पूछो - थप्पड़। पेपर लीक पर सवाल पूछो - लाठी। संसद में सवाल पूछो - माइक बंद। ये लोग ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि इन्हें अब ये डर ही नहीं कि चुनाव इन्हें हटा सकता है। वोट चोरी यही ख़रीदती है - सिर्फ़ नतीजा नहीं, उसके बाद आने वाला अहंकार भी। जो सरकार जीत को पक्का मान लेती है, उसे आपकी रज़ामंदी नहीं चाहिए - आपकी ख़ामोशी और अंधभक्ति चाहिए।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 27, 2026
यह भी देखेंःSIR Controversy: SIR विवाद पर बीजेपी के मुख्यमंत्रियों का पलटवार, राहुल गांधी और विपक्ष पर लगाए आरोप
युवक को लेकर BJP और AAP के अलग-अलग दावे
बीजेपी की ओर से दावा किया गया है कि थप्पड़ की घटना में शामिल युवक साहिब सिंह AAP से जुड़ा हुआ है। बीजेपी ने सोशल मीडिया पोस्ट में उसके खिलाफ पहले दर्ज एक मामले का भी जिक्र किया है। दूसरी ओर, साहिब सिंह का कहना है कि वह तिलक नगर विधायक जरनैल सिंह के सोशल मीडिया अकाउंट संभालते हैं और सड़क की खराब गुणवत्ता का वीडियो बना रहे थे।
साहिब सिंह ने आरोप लगाया कि मंत्री ने उनका फोन छीना और उनके साथ मारपीट की। AAP नेताओं ने साहिब सिंह के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज किया है।
थाने के बाहर भी हुआ हंगामा
मामले को लेकर रविवार रात विकासपुरी थाने के बाहर AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे AAP प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और विधायक कुलदीप कुमार समेत कई समर्थकों को हिरासत में लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब FIR और जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों से घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।