Power System in Lucknow: लखनऊ में बढ़ते बिजली संकट और लगातार हो रही कटौती के बीच प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 44 अधिशासी अभियंताओं का तबादला कर उन्हें राजधानी के विभिन्न बिजली उपकेंद्रों पर तैनात किया गया है। सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए प्रशासनिक आवश्यकता के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
बिजली मांग ने तोड़े रिकॉर्ड
प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि 21 मई को दोपहर में बिजली का लोड लगभग 29,493 मेगावाट तक पहुंच गया था, जबकि रात में यह बढ़कर 30,276 मेगावाट दर्ज किया गया। अगले दिन दोपहर तक मांग 30,357 मेगावाट तक पहुंच गई। मंत्री के अनुसार, शाम के पीक ऑवर्स में यह आंकड़ा 32 से 33 हजार मेगावाट तक पहुंच रहा है, जो पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है।
सरकार ने बढ़ाई बिजली आपूर्ति
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अभूतपूर्व गर्मी और ऊर्जा एक्सचेंजों में बिजली की कमी के बावजूद प्रदेश सरकार विभिन्न स्रोतों से बिजली खरीदकर आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पावर कॉरपोरेशन की पूरी टीम लगातार काम कर रही है ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो। सरकार का दावा है कि उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी लगाए जाएंगे।
यह भी देखेंःUP government on Notices: गन लाइसेंस पर HC सख्त, 19 प्रभावशाली लोगों को नोटिस पर यूपी सरकार से जवाब तलब
प्रदर्शन के बाद कार्रवाई
लखनऊ में बिजली संकट को लेकर लोगों का गुस्सा भी सामने आया। उतरेटिया अंडरपास पर बिजली कटौती से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए PGI थाने में 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी, जबकि स्थानीय लोग लगातार बिजली समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं।
विधायक ने उठाए गंभीर सवाल
सरोजिनी नगर से बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने भी बिजली व्यवस्था को लेकर सरकार को पत्र लिखकर चिंता जताई है। उन्होंने ऊर्जा मंत्री को भेजे 10 पन्नों के पत्र में बार-बार बिजली कटौती, कम वोल्टेज, ट्रांसफॉर्मर खराब होने और फीडर ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का उल्लेख किया। विधायक ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में हालात बेहद खराब हैं और मौजूदा गर्मी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।