
Stole Rs 30 lakh: मेरठ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बहू ने अपने ही ससुराल में तीस लाख रुपये की चोरी कराई। वजह थी—अपने भाई की किडनी का इलाज करवाना। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि चोरी की पूरी साजिश बहू पूजा मित्तल ने रची थी, जिसमें उसने अपने सगी मां, भाई और भाई के साले को शामिल किया। मामला टीपी नगर थाना क्षेत्र के महावीर जी नगर का है, जहां कपड़ा कारोबारी पीयूष मित्तल के घर से नकदी और जेवर चोरी हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से 48 घंटे में ही मामले का पर्दाफाश कर दिया और 100 फीसदी माल बरामद कर चारों आरोपियों को जेल भेज दिया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने पुलिस टीम को ₹25,000 का इनाम घोषित किया।
बहू ने खुद रची थी चोरी की पटकथा
पुलिस जांच में पता चला कि पूजा की शादी छह महीने पहले ही हुई थी और यह उसकी दूसरी शादी थी। उसके भाई रवि की किडनी खराब थी और इलाज में भारी रकम की जरूरत थी। इसलिए पूजा ने अपने परिवार के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। उसने पति के साथ पीवीएस मॉल जाने का बहाना बनाया और घर के मेन गेट पर दिखावे के लिए ताला लगाया। फिर फोन पर भाई रवि को लॉकर की चाबी और समय की जानकारी दी। रवि अपने साले दीपक के साथ दिल्ली से मेरठ पहुंचा। दीपक ने घर से 30 लाख के जेवर और 50 हजार रुपये नकद पिट्ठू बैग में भर लिए और भाग निकला।
यह भी पढ़ेंःBihar Elections 2025: महागठबंधन से अलग हुई JMM, छह सीटों पर अकेले लड़ेगी चुनाव
सीसीटीवी से खुला पूरा खेल
टीपी नगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से चारों आरोपियों को धर दबोचा। पूजा, उसकी मां अनीता, भाई रवि और साले दीपक मित्तल को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान बरामद किया गया। पूछताछ में सभी ने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक, चोरी में कोई पेशेवर अपराधी शामिल नहीं था — सब कुछ परिवार के बीच की साजिश थी। यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि इससे पहले भी मेरठ में “बहू पार्ट-1” नामक एक मामला सामने आया था, जिसमें बहू ने सौतेली सास की हत्या का प्रयास किया था