आधार कार्ड आज हर छोटी-बड़ी सरकारी और निजी सेवा की पहचान बन चुका है. बैंकिंग हो, सिम कार्ड हो, सरकारी योजनाएं हों या किसी भी तरह की वेरिफिकेशन सब OTP के सहारे मोबाइल नंबर से जुड़ा हुआ है. लेकिन जब वह नंबर बंद हो जाए या खो जाए, तो दिक्कत शुरू हो जाती है. अब तक मोबाइल नंबर बदलने के लिए आधार सेंटर जाना पड़ता था, लंबी लाइन लगती थी और समय भी काफी बर्बाद होता था. लेकिन अब UIDAI एक ऐसा बड़ा बदलाव लाने की तैयारी में है जिससे यह झंझट हमेशा के लिए खत्म हो सकता है.
घर बैठे अपडेट होगा आधार नंबर
UIDAI जल्द ही ऐसा सिस्टम शुरू करने जा रहा है, जिसमें आधार कार्ड में लिंक मोबाइल नंबर बदलने के लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी. सिर्फ आधार ऐप से ही नया नंबर अपडेट हो सकेगा. इसके लिए यूजर को ऐप में आधार नंबर और नया मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद सिस्टम आपके नए नंबर पर OTP भेजकर उसकी पुष्टि करेगा. इससे यह तय हो जाएगा कि नंबर वास्तव में आपके पास ही मौजूद है और कोई दूसरा व्यक्ति इसका दुरुपयोग नहीं कर रहा.
ये भी पढ़ें : दुनियाके सबसे महंगे निजी घरों में शामिल Antiliaकीलग्जरी, डिजाइन और अनकही बातें, जानें क्या कुछ बेहद खास ?
पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन से नंबर अपडेट
इस नई प्रक्रिया में केवल OTP ही नहीं, बल्कि फेस ऑथेंटिकेशन भी शामिल होगा. फोन का कैमरा आपके चेहरे को स्कैन करेगा और उसे UIDAI के डेटाबेस से मैच करेगा. यह तकनीक धोखाधड़ी के खिलाफ काफी मजबूत मानी जाती है, क्योंकि किसी की फोटो या वीडियो से इसे आसानी से धोखा नहीं दिया जा सकता. जैसे ही फेस मैच होगा, आपका नया मोबाइल नंबर आधार में अपडेट हो जाएगा.
गांवों में रहने वालों को बड़ी राहत
अभी तक आधार में मोबाइल नंबर बदलवाना कई लोगों के लिए मुश्किल भरा काम था. खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज के इलाकों में रहने वालों को आधार सेंटर तक पहुंचने में दिक्कत होती थी. कुछ लोग तो कई-कई किलोमीटर यात्रा करके सेंटर पहुंचते थे. अब जब यह प्रक्रिया मोबाइल ऐप से पूरी हो जाएगी, तो उनका समय भी बचेगा और पैसा भी. UIDAI का दावा है कि नई सुविधा शुरू होने के बाद मोबाइल नंबर अपडेट करने में सिर्फ कुछ मिनट लगेंगे.