
इंडियन प्रीमियर लीग में जम्मू और कश्मीर के तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने अपनी तेज रफ्तार बॉल से सुर्खियां बटोरीं. इसके साथ ही उन्होंने टीम इंडिया में जगह भी बनाई. मगर कुछ मैच खेलने के बाद ही वो टीम से बाहर हो गए. अब जम्मू और कश्मीर का एक और रफ्तार का सौदागर चर्चा का विषय बना हुआ है. जिसका नाम है अकीब नबी. जिन्होंने रणजी ट्रॉफी में राजस्थान के खिलाफ दूसरी पारी में 11 ओवर में 3 मेडन करते हुए 24 रन देकर 7 विकेट झटके थे. इतना ही नहीं इस मैच में उन्होंने 55 रन की पारी भी खेल डाली. वहीं अकीब ने दलीप ट्रॉफी में 4 लगातार बॉल पर 4 विकेट लेकर इतिहास रच दिया था. इसके बाद ऐसा करने वाले वे पहले गेंदबाज बन गए.
अकीब ने 12 मैचों में 68 विकेट चटकाए
नबी ने राजस्थान के खिलाफ ऐसा कहर बरपाया कि जिसने भी देखा वो देखता रह गया. जहां उमरान मलिक को एक विकेट नहीं मिला, वहीं इस गेंदबाज ने 10 विकेट झटक लिए. पहली पारी में 3 विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में वो और भी खूंखार दिखाए दिए और महज 24 रन देकर 7 विकेट झटक लिए. 2025-26 के इस सीजन में यह उनका तीसरा 5 विकेट हॉल था. 2024 रणजी ट्रॉफी के बाद से अब तक 12 मैच खेलने के बाद 68 विकेट अकीब ने चटकाए हैं, जिसमें 8 बार 5 विकेट लेने का कारनामा कर दिखाया है.
दूसरी पारी में नबी ने टॉप आर्डर किया ध्वस्त
वहीं राजस्थान के खिलाफ दूसरी पारी में नबी ने टॉप आर्डर को ध्वस्त कर दिया. टीम के 5 विकेट 41 रन के स्कोर पर गिर चुके थे. देखते ही देखते पूरी पारी 89 रन पर सिमट कर रह गई. इसमें नबी ने 6 ओवर, 2 मेडन, 5 रन, 5 विकेट चटकाए थे. पहली पारी में राजस्थान ने 152 रन बनाए जवाब में जम्मू और कश्मीर ने 282 रन बनाए जिसमें अकीब के 55 रन शामिल थे. दूसरी पारी में टीम को बल्लेबाजी की जरूरत नहीं पड़ी. मैच पारी और 41 रन से जम्मू और कश्मीर ने अपने नाम कर लिया.
टैलेंट हंट ने बदली अकीब की दुनिया
जम्मू कश्मीर के बारामुल्ला के रहने अकीब नबी 28 साल के हैं. उनके पिता एक स्कूल टीचर हैं और खेल के साथ-साथ अकीब पढ़ाई में भी अच्छे रहे. एक टैलेंट हंट के जरिए अकीब को चुना गया था. इसके बाद माता-पिता को भी इस बात का भरोसा हो गया कि लड़का खेल में करियर बना सकता है. नबी ने जब खेलना शुरू किया था बारामुल्ला में रहते हुए कोई कोचिंग नहीं ली थी. टैलेंट हंट ने अकीब की कहानी बदली और उनको पहला रेड बॉल क्रिकेट जल्दी ही खेलने का मौका मिला. डेल स्टेन को आदर्श मानने वाले अकीब नबी ने उनका वीडियो देखकर गेंदबाजी सीखी थी. वो साउथ अफ्रीकी दिग्गज को गुरू मानकर उनके वीडियो से ही कोचिंग लिया करते थे. ऐसे अकीब के डेल स्टेन वर्चुअल कोच बन गए.
इसे भी पढ़ें : Delhi में नहीं मिलेगी अब इन गाड़ियों को एंट्री, 1 नवंबर से लागू होने वाला है ये सख्त नियम !
फर्स्ट क्लास 113, लिस्ट ए 42, टी20 में 28 विकेट झटके
अकीब ने पिछले कुछ सालों से घरेलू क्रिकेट में अपनी गेदबाजी से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है. 2024-25 रणजी ट्रॉफी में दूसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे अकीब ने 8 मैचों में 13.93 की औसत से 44 विकेट झटके थे. 2025 के दलीप ट्रॉफी के लिए नॉर्थ जोन टीम में की ओर से खेलने का मौका मिला, जहां दो मैचों में 6 विकेट और 54 रन बनाए. उन्होंने अब तक 33 फर्स्ट क्लास, 29 लिस्ट ए और 27 टी20 मुकाबले खेले हैं. फर्स्ट क्लास 113, लिस्ट ए में 42 जबकि टी20 में 28 विकेट चटकाए हैं.