AAP Comes upport of Students: दिल्ली में जंतर-मंतर और संसद मार्च के दौरान हिरासत में लिए गए छात्रों और युवाओं की मदद के लिए आम आदमी पार्टी ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी का दावा है कि छात्रों को कानूनी और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई स्टूडेंट हेल्पलाइन के माध्यम से अब तक करीब 500 छात्रों और युवाओं की सहायता की जा चुकी है। पार्टी का कहना है कि आंदोलन के दौरान किसी भी छात्र को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
हेल्पलाइन के जरिए लगातार मिल रही सहायता
आम आदमी पार्टी के अनुसार, छात्रों और युवाओं की मदद के लिए शुरू की गई हेल्पलाइन पर लगातार कॉल और संदेश प्राप्त हो रहे हैं। पार्टी का कहना है कि इसकी लीगल टीम जरूरतमंद छात्रों को कानूनी सलाह और आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। साथ ही मेडिकल सहायता की व्यवस्था भी हेल्पलाइन के माध्यम से की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
हिरासत में छात्रों से मिले अरविंद केजरीवाल
पार्टी के मुताबिक, राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंदिर मार्ग थाने पहुंचे और हिरासत में लिए गए छात्रों से मुलाकात की। पार्टी का दावा है कि उन्होंने छात्रों की रिहाई तक थाने में मौजूद रहने की बात कही। इसके बाद मंदिर मार्ग, पार्लियामेंट थाना और अन्य स्थानों पर हिरासत में लिए गए कई छात्रों को रिहा किया गया। वहीं, अशोक विहार क्षेत्र से कुछ छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने और एक लापता छात्र को उसके परिवार तक पहुंचाने का भी दावा किया गया है।
यह भी देखेंःNEET विवाद के बाद NTA में बड़ा एक्शन, 47 अधिकारियों को हटाया, जानें अब आगे क्या?
छात्रों के अधिकारों की लड़ाई का दावा
आम आदमी पार्टी का कहना है कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं के अधिकारों से जुड़ा विषय है। पार्टी का दावा है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। इसी सोच के तहत कानूनी और मेडिकल सहायता के लिए विशेष हेल्पलाइन शुरू की गई है, जिससे आंदोलन में शामिल किसी भी छात्र या युवा को कठिन परिस्थिति में सहयोग मिल सके।
आंदोलन में सहयोग जारी रखने की बात
पार्टी ने कहा है कि वह पहले भी विभिन्न जनआंदोलनों में लोगों के साथ खड़ी रही है और आगे भी छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रयास जारी रखेगी। आम आदमी पार्टी के अनुसार, उसकी लीगल टीम लगातार संबंधित थानों और अन्य स्थानों पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध करा रही है। पार्टी का कहना है कि भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर छात्रों और युवाओं को हरसंभव कानूनी और अन्य आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।