
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने भारतीय क्रिकेटरों रोहित शर्मा और विराट कोहली का जमकर समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग इन दोनों दिग्गजों को सिर्फ इसलिए नीचा दिखाने की कोशिश करने में लगे हैं क्योंकि अब उनका करियर अपने अंतिम चरण में चल रहा है. डिविलियर्स के अनुसार ये समय इन दोनों को सम्मान देने का है, ना कि उनकी आलोचना करने का.
रोहित- कोहली की शुरुआत अच्छी नहीं रही
दरअसल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुई हालिया वनडे सीरीज़ की शुरुआत रोहित और कोहली के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी. जहां पहले मैच में रोहित शर्मा केवल 8 रन बनाकर आउट हो गए, वहीं विराट कोहली बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए. वहीं दूसरे वनडे में रोहित ने 73 रन बनाकर वापसी की, लेकिन कोहली फिर से शून्य पर आउट हो गए. वहीं भारत को शुरुआती दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा था, जिससे टीम पर दबाव बढ़ गया.
“रो-को” जोड़ी ने तीसर मैच में की शानदार वापसी
जबकि तीसरे और आखिरी वनडे मैच में भारतीय कप्तान और पूर्व कप्तान ने शानदार क्लास दिखाई. “रो-को” (Ro-Ko) जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए 168 रनों की नाबाद साझेदारी कर टीम इंडिया को 9 विकेट से जीत दिलाई. रोहित शर्मा ने नाबाद 121 रन बनाए, जबकि कोहली ने 74 रन की बेहतरीन पारी खेली. इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज़ को सम्मानजनक अंदाज़ में खत्म किया और दोनों खिलाड़ियों ने आलोचकों को मुंहतोड़ जवाब दिया.
हमें खिलाड़ियों को देना चाहिए सम्मान-एबी डिविलियर्स
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए एबी डिविलियर्स ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि लोग उन खिलाड़ियों के खिलाफ नकारात्मक ऊर्जा क्यों फैलाते हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश और क्रिकेट के नाम कर दिया. उन्होंने कहा कि “पता नहीं मैं उन्हें लोग भी कहूं या नहीं. जैसे ही खिलाड़ी करियर के आखिरी पड़ाव पर पहुंचते हैं, कुछ ‘कॉकरोच’ अपने बिलों से बाहर आ जाते हैं. क्यों ना? ऐसे खिलाड़ियों को नीचा दिखाने की बजाय, हमें उन्हें सम्मान देना चाहिए.”
इसे भी पढ़ें : Bihar Election में गर्माया Tejashwi Yadav के बयान पर माहौल, इस बार जो कहा वो आपको हैरान कर देगा !
प्रशंसक मना रहे शानदार करियर का जश्न
डिविलियर्स ने आगे कहा कि पिछले कुछ महीनों में रोहित और कोहली को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा लेकिन ज़्यादातर प्रशंसक अभी भी उनके शानदार करियर का जश्न मना रहे हैं. उन्होंने कहा कि “मैं अल्पसंख्यक लोगों की बात कर रहा हूं जो उन्हें नीचे दिखाना चाहते हैं, क्योंकि मेरी नजर में ज़्यादातर लोग इन दोनों की महानता को समझते हैं और उसका सम्मान करते हैं.”उन्होंने आगे कहा कि यह समय दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों को मनाने का है, क्योंकि उन्होंने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया है.
फिर से मैदान में उतरने को तैयार “रो-को”
रोहित शर्मा और विराट कोहली अब 30 नवंबर से शुरू होने वाली दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज़ में एक बार फिर एक्शन में दिखाई देंगे. दोनों के पास न केवल अपनी फॉर्म को मजबूत करने, बल्कि भारत के लिए एक और सीरीज़ जीतने का सुनहरा मौका होगा. डिविलियर्स के शब्दों में कहें तो “यह वक्त आलोचना का नहीं, बल्कि रोहित और कोहली की महानता का सम्मान करने का है.”