
टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का इस समय हर ओर जिक्र हो रहा है. जिसकी वजह है कि एशिया कप के दौरान उन्होंने जिस तरह से गेंदबाजों की धुनाई की उसकी गूंज अभी तक सुनाई दे रही है. वहीं इन सबके बीच अभिषेक ने एक और अवार्ड अपने नाम कर लिया है. दरअसल आईसीसी ने अभिषेक शर्मा को सितंबर के प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए चुना है. हालांकि इसके लिए भारत के ही कुलदीप यादव को भी नॉमिनेट किया गया था, लेकिन अभिषेक ने बाजी मार ली.
आईसीसी ने अभिषेक शर्मा को चुना प्लेयर ऑफ द मंथ
सितंबर 2025 के लिए आईसीसी ने अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मंथ चुन लिया है. एशिया कप के दौरान अभिषेक ने पाकिस्तान के खिलाफ खूब रन बनाए थे. फाइनल में भले ही जल्दी आउट हो गए हों, लेकिन इसके बाद भी उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था. वहीं अभिषेक शर्मा की खास बात ये है कि वे विरोधी टीम के गेंदबाजों को नहीं देखते. वो केवल गेंद देखते हैं और उसके बाद उस पर स्ट्रोक खेलते हैं. यही बात उन्हें बेखौफ बल्लेबाज बनाती है.
अवार्ड पाकर गदगद हुए अभिषेक
वहीं प्लेयर ऑफ द मंथ का अवार्ड जीतने के बाद अभिषेक शर्मा का बयान भी सामने आ गया है. आईसीसी के अनुसार प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब जीतने के बाद शर्मा ने कहा कि उन्हें इस अवार्ड को पाकर बहुत ज्यादा खुशी हो रही है. वे उस टीम का हिस्सा होने पर गर्व महसूस करते हैं, जो मुश्किल हालात होने पर भी जीत दिला सकती है.
इसे भी पढ़ें : Supreme Court में चुनाव आयोग का बड़ा बयान, नामांकन के बाद जारी होगी मतदाता सूची, मामले की अगली सुनवाई 4 नवंबर को होगी
7 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 314 रन बनाए
अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने एशिया कप के दौरान खेले गए 7 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 314 रन बनाए थे. इसके साथ ही अभिषेक सभी को पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने, यही वजह रही कि उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के अवॉर्ड से भी नवाजा गया. इस वक्त अभिषेक शर्मा आईसीसी की टी20 रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज भी हैं. उन्होंने डेविड मलान का रिकॉर्ड तोड़कर सबसे ज्यादा रेटिंग प्वाइंट्स हासिल करने का भी रिकॉर्ड बनाया है. डेविड मलान के नाम 919 रेटिंग अंक थे, लेकिन अभिषेक 931 तक पहुंच चुके हैं.