टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ी फिलहाल आईपीएल 2026 में व्यस्त हैं और लंबे समय से कोई टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेल रहे हैं। इसके बावजूद आईसीसी की ताजा टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत का दबदबा बरकरार है। भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अब भी 875 अंकों के साथ दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बने हुए हैं। खास बात यह है कि उन्होंने 9 मार्च के बाद कोई इंटरनेशनल टी20 मैच नहीं खेला है, फिर भी कोई खिलाड़ी उन्हें पीछे नहीं छोड़ सका।
ईशान किशन दूसरे नंबर
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन भी शानदार स्थिति में बने हुए हैं। वह 871 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर कायम हैं। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के फिल साल्ट चौथे और श्रीलंका के पाथुम निसांका पांचवें नंबर पर हैं। भारत के तिलक वर्मा छठे और कप्तान सूर्यकुमार यादव सातवें स्थान पर मौजूद हैं। इसके अलावा जोस बटलर, डेवाल्ड ब्रेविस और ब्रायन बेनेट भी टॉप-10 में शामिल हैं।
बांग्लादेश खिलाड़ियों को फायदा
हाल ही में बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली गई थी, जो 1-1 की बराबरी पर खत्म हुई। इस सीरीज के बाद आईसीसी रैंकिंग में बांग्लादेश के खिलाड़ियों को सबसे ज्यादा फायदा मिला है। प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे तौहिद हृदय बल्लेबाजों की रैंकिंग में सीधे 37वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं गेंदबाज महेदी हसन एक पायदान ऊपर चढ़कर 17वें स्थान पर आ गए हैं।
गेंदबाजों में भारत चमका
गेंदबाजी रैंकिंग में अफगानिस्तान के राशिद खान नंबर-1 गेंदबाज बने हुए हैं। भारत के वरुण चक्रवर्ती दूसरे और पाकिस्तान के अबरार अहमद तीसरे नंबर पर हैं। इंग्लैंड के आदिल राशिद चौथे जबकि भारत के जसप्रीत बुमराह पांचवें स्थान पर मौजूद हैं। ऑस्ट्रेलिया के एडम जांपा छठे और साउथ अफ्रीका के कॉर्बिन बोश सातवें नंबर पर हैं। वेस्टइंडीज के मैथ्यू फोर्ड, अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान और ऑस्ट्रेलिया के नाथन एलिस भी टॉप-10 में शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : Dhoni की वापसी पर सस्पेंस, CSK को मिल गया नया फिनिशर, 19 साल का बल्लेबाज बना चर्चा का केंद्र,जानिए कौन ?
न्यूजीलैंड को भी फायदा
न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को भी इस सीरीज का फायदा मिला है। तेज गेंदबाज बेन सियर्स 10 स्थान की छलांग लगाकर 51वें नंबर पर पहुंच गए हैं। स्पिनर ईश सोढ़ी चार स्थान ऊपर चढ़कर 88वें नंबर पर पहुंच गए। इसी के साथ ईश सोढ़ी न्यूजीलैंड के लिए टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। उन्होंने 165 विकेट लेकर टिम साउथी के 164 विकेट का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।