PM Modi Morphed Post Case: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित तौर पर एडिटेड (मॉर्फ्ड) और आपत्तिजनक सामग्री शेयर करने के मामले में हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फेसबुक और इंस्टाग्राम के कई अकाउंट संचालकों के साथ-साथ Meta के इंडिया हेड के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला
आपको बता दें कि हाल ही में CJP ने परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान फेसबुक और इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित तौर पर मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए गए थे। इसी को लेकर बीजेपी समर्थकों ने इन पोस्टों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति और पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जुड़ी बेहद अश्लील, अपमानजनक और भ्रामक वीडियो तथा तस्वीरें शेयर किए गए।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को सौंप लिंक
बता दें कि तेलंगाना बीजेपी की सोशल मीडिया के सदस्यों ने पुलिस में इसकी शिकायत की और लगभग 20 ऐसे सोशल मीडिया लिंक पुलिस को सौंपे। शिकायतकर्ताओं में तेलंगाना बीजेपी की सोशल मीडिया कोर कमेटी के सदस्य टी. साईकिरण गौड़ और पार्टी समर्थक एस.अरविंद रेड्डी शामिल हैं।
पुलिस ने मेटा को भेजा नोटिस
पुलिस ने बताया कि इस मामले में कई सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही Meta के इंडिया हेड को भी भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सह-आरोपी बनाया गया है। साइबर क्राइम पुलिस ने Meta को आधिकारिक नोटिस भेजकर इन सभी आपत्तिजनक अराउंट्स और लिंक से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले में दर्ज एफआईआर के संबंध में Meta को नोटिस भेजा गया है।
यह भी पढ़ें: Paper Leak: एक और मेडिकल परीक्षा का पेपर लीक? परीक्षा हॉल के अंदर से व्हाट्सऐप पर शेयर हुआ प्रश्नपत्र; मची अफरा-तफरी
सरकार ने Meta के वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाया
इसी बीच इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने Meta के वरिष्ठ अधिकारियों को जवाब-तलब के लिए बुलाया है। मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने समाचार एजेंसी ANI से कहा कि सरकार ने Meta से अपने सबसे वरिष्ठ प्रतिनिधियों को भेजने के लिए कहा है, ताकि इस तरह के मामलों पर तकनीकी और नीतिगत सफाई ली जा सके।
Meta ने जारी किया था बयान
बता दें कि हाल के दिनों में भारत में Meta कई मामलों को लेकर विवादों में रहा है। कुछ ही दिनों पहले Meta ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो फेसबुक से हटा दिया था, जिस पर मेटा ने एक बयान जारी किया था। कंपनी ने कहा कि वीडियो "गलती से हटा दिया गया था और बाद में उसे दोबारा बहाल कर दिया गया। इस मामले में भी सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने Meta के ग्लोबल हेड ऑफ पब्लिक पॉलिसी को समन भेजा था।