DU Admission 2026: कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) UG का रिजल्ट जारी होने के बाद अब दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) समेत देश की अन्य बड़ी यूनिवर्सिटीज में ग्रेजुएशन (UG) कोर्सों के लिए एडमिशन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। दिल्ली यूनिवर्सिटी इसी हफ्ते अपना यूजी एडमिशन 2026 रजिस्ट्रेशन विंडो खोलने जा रही है। डीयू की एडमिशन ब्रांच ने सभी छात्रों को सलाह दी है कि वे अपने जरूरी दस्तावेज़ तैयार रखें और अपनी पसंद के कोर्स और कॉलेजों को शॉर्टलिस्ट करना शुरू कर दें।
डीयू एडमिशन की जानकारी
जिन छात्रों ने CUET UG 2026 की परीक्षा दी है, सिर्फ वही डीयू के इस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे। इसी हफ्ते डीयू अपना कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) पोर्टल खोलेगा। फॉर्म भरने में कोई गलती न हो, इसके लिए डीयू जल्द ही एक वेबिनार आयोजित करेगा, जिसमें फॉर्म भरने का तरीका, ज़रूरी कागज़ात और कोटा सीटों की पूरी जानकारी दी जाएगी।
दो चरणों में होगी प्रक्रिया
डीयू की डीन एडमिशन प्रो. हनीत गांधी के अनुसार, इसी हफ्ते एडमिशन प्रक्रिया सुरू कर दी जाएगी। फेज 1 में छात्र अपनी पर्सनल और एकेडेमिक (पढ़ाई से जुड़ी) जानकारी भरेंगे। CUET UG का डेटा एनटीए (NTA) के ज़रिए सीधे डीयू को मिल जाएगा। फेज 1 शुरू होने के ठीक दो-तीन दिन बाद फेज 2 भी शुरू हो जाएगा। इसमें छात्रों को अपनी पसंद के कोर्स और कॉलेज का प्रेफरेंस (क्रम) भरना होगा।
स्पेशल कोटा को मिलाकर 85,000 सीटें
डीयू के 69 कॉलेजों में करीब 72,000 नियमित सीटें हैं। स्पोर्ट्स और ईसीए (ECA) जैसे स्पेशल कोटा को मिलाकर यह संख्या 85,000 तक पहुंच जाती है। तीसरे फेज में CSAS के जरिए अलग-अलग कॉलेजों और कोर्सों में सीट अलॉट होंगी और स्टूडेंट्स फीस भर दाखिला ले सकेंगे। दिल्ली यूनिवर्सिटी में नया एकेडेमिक सेशन 1 अगस्त 2026 से शुरू हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: UPSSSC Result: यूपीएसएसएससी ने कृषि प्राविधिक सहायक का रिजल्ट किया जारी, 3446 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
छात्र कॉलेज-कोर्स की बना लें लिस्ट
स्टूडेंट्स को सलाह है कि वो इन्फॉर्मेशन बुलेटिन देखकर अपनी योग्यता जांच लें और कॉलेज-कोर्स की एक लिस्ट बना लें। आप जितनी ज़्यादा चॉइस भरेंगे, एडमिशन मिलने की संभावना उतनी ही ज़्यादा होगी।
अन्य यूनिवर्सिटीज में भी ले सकते हैं दाखिला
डीयू के अलावा आंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली (AUD) के सभी कोर्स, जेएनयू (JNU) के भाषा (Language) कोर्स और जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI) के कुछ चुनिंदा कोर्सों में भी CUET स्कोर पर ही दाखिला मिलेगा। ये सभी यूनिवर्सिटीज जुलाई के पहले हफ्ते तक अपनी एडमिशन प्रक्रिया शुरू कर देंगी।