UPSSSC Result: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 3446 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिन्हें जल्द ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तैनात किया जाएगा। परिणाम के साथ ही आयोग ने श्रेणीवार कटऑफ भी घोषित कर दी है।
उम्मीदवारों को दी बधाई
इस कामयाबी पर उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने सभी सफल उम्मीदवारों को बधाई दी और उनके अच्छे भविष्य की कामना की।
किस वर्ग के कितने अभ्यर्थी हुए सफल?
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए बताया कि कुल 3446 सफल उम्मीदवारों में सामान्य वर्ग के 1813, अनुसूचित जाति के 509, अनुसूचित जनजाति के 151, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 629 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 344 अभ्यर्थी शामिल हैं।
कब हुई थी परीक्षा
इस भर्ती के लिए आवेदन सबमिट करने की अंतिम तिथि 31 मई, 2024 थी। लिखित परीक्षा 13 जुलाई 2025 को आयोजित की गई थी। भर्ती प्रक्रिया के सभी चरणों के पूरा होने के बाद प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 3446 पदों के सापेक्ष 3446 अभ्यर्थियों को अंतिम रुप से चुना गया है। परीक्षा देने के बाद से ही छात्र लंबे समय से अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे।
क्या काम करते हैं कृषि प्राविधिक सहायक?
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार,इन सभी नए कर्मचारियों की ड्यूटी सीधे गांवों में लगेगी। इनका मुख्य काम किसानों की मदद करना होगा। ये सहायक किसानों को खेती के नए और आधुनिक तरीकों के बारे में बताएंगे। सरकार की बड़ी योजनाएं जैसे— पीएम किसान सम्मान निधि, सॉयल हेल्थ कार्ड (मृदा स्वास्थ्य कार्ड) और फसल बीमा योजना को हर छोटे-बड़े किसान तक पहुंचाएंगे। इसके अलावा किसानों को उन्नत बीजों, जैविक खाद और कीटनाशकों के सही इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी, जिससे फसलों की पैदावार बढ़ेगी और खेती की लागत कम होगी।