
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर भीषण संघर्ष छिड़ गया है. दोनों देशों की सेनाएं बुधवार तड़के स्पिन बोल्डक क्षेत्र में आमने-सामने आ गईं हैं. बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4 बजे भारी फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें दोनों तरफ से हल्के और भारी हथियारों का इस्तेमाल किया गया. बता दें कि ये इलाका अफगानिस्तान के कंधार प्रांत और पाकिस्तान के चमन- क्वेटा शहरों के बीच डुरंड रेखा पर स्थित है।
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में सुनाई दे रही गोलीबारी
दरअसल स्पिन बोल्डक कंधार और पाकिस्तान के चमन को जोड़ने वाला एक अहम बॉर्डर पॉइंट है. सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में सीमा पार से लगातार गोलीबारी और धमाके सुनाई दे रहे हैं. तालिबान का दावा है कि लड़ाई शुरू होने के महज 15 मिनट के भीतर उन्होंने पाकिस्तानी सैनिकों को सरेंडर करने पर मजबूर कर दिया और उनके हथियार ज़ब्त कर लिए गए.
अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं
स्पिन बोल्डक जिले के सूचना प्रमुख अली मोहम्मद हकमल ने टोलो न्यूज़ को जानकारी देते हुए बताया कि झड़प में दोनों तरफ से हल्के और भारी हथियारों का प्रयोग किया जा रहा है. अभी तक हताहतों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन पाकिस्तानी तोपखाने की गोलाबारी से आम लोगों के घरों को भारी नुकसान पहुंचा है. कई निवासी अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं.
तालिबान कर रहा पाकिस्तानी चौकियों को नष्ट करने का दावा
वहीं अफगान नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सदस्य कबीर हकमाल का कहना है कि पाकिस्तानी सेना डुरंड रेखा के आसपास के इलाकों को निशाना बना रही है. तालिबान के अनुसार उन्होंने कई पाकिस्तानी चौकियों को नष्ट कर दिया और दर्जनों सैनिकों को ज़िंदा पकड़ लिया. इसके साथ ही ये भी दावा किया गया है कि अफगान बलों ने पाकिस्तानी टैंकों और हथियारों को कब्जे में लेकर अफगानिस्तान पहुंचा दिया है.
AFGEYE एजेंसी और प्रत्यक्षदर्शियों की रिपोर्ट
इसके अलावा न्यूज़ एजेंसी AFGEYE के अनुसार कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक गेट पर तड़के दोनों पक्षों के बीच गोलाबारी शुरू हुई, जिसमें पाकिस्तानी बलों को भारी नुकसान हुआ. एक यूजर ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि अफगान सेना ने पाकिस्तान की कई चौकियों को तबाह कर दिया और हथियारों के बड़े जखीरे पर कब्जा किया.
इसे भी पढ़ें : Diwali की रात तंत्र साधना होती है प्रबल, ऐसे-ऐसे टोटके जो कर दें आपके घर की शांति भंग, इस रात बरतें सावधानी
11-12 अक्टूबर की रात भी ऐसी ही हुई थी झड़प
इन दोनों देशों के बीच यह टकराव नया नहीं है. 11-12 अक्टूबर की रात भी ऐसी ही झड़प हुई थी, जब अफगान तालिबान ने पाकिस्तानी हवाई हमलों के जवाब में पाक चौकियों पर हमला किया था. उस समय तालिबान ने 58 पाक सैनिकों के मारे जाने का दावा किया था, जबकि पाकिस्तान ने 23 सैनिकों की मौत और 200 तालिबानियों के मारे जाने की पुष्टि की थी.
डुरंड रेखा पर सीमा बंद, व्यापार ठप
फिलहाल लगातार बढ़ते तनाव के कारण डुरंड रेखा पर सीमा को बंद कर दिया गया है. इससे अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच व्यापार पूरी तरह ठप हो गया है और हजारों ट्रक और वाहन सीमा पर फंसे हुए हैं. विशेषज्ञों के अनुसार अगर हालात जल्द नहीं सुधरे तो यह संघर्ष बड़े क्षेत्रीय संकट का रूप ले सकता है.