Plane Crash: महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचाने वाले विमान हादसे के बाद अब उस फ्लाइट को उड़ा रहे पायलट को लेकर गंभीर जानकारियां सामने आ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस चार्टर्ड विमान में डिप्टी सीएम अजित पवार सवार थे, उसके पायलट कैप्टन सुमित कपूर का पिछला रिकॉर्ड विवादों से जुड़ा रहा है। हादसे में पांच लोगों की मौत की खबरों के बीच यह खुलासा जांच एजेंसियों के लिए अहम माना जा रहा है।
DGCA की कार्रवाई
रिपोर्ट्स के अनुसार कैप्टन सुमित कपूर को पहले शराब से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर सस्पेंड किया जा चुका है। बताया जाता है कि वे दो अलग-अलग मौकों पर उड़ान से पहले ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में असफल पाए गए थे। इसके बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने उन पर सख्त कार्रवाई करते हुए तीन साल के लिए उड़ान से दूर रखा था।
दो गंभीर घटनाएं
उपलब्ध रिकॉर्ड के मुताबिक पहला मामला वर्ष 2010 का बताया जाता है, जब दिल्ली एयरपोर्ट पर एक घरेलू उड़ान से पहले टेस्ट में अनियमितता सामने आई। दूसरा मामला 2017 का है, जिसमें दोबारा नियम उल्लंघन के आरोप लगे। इन्हीं घटनाओं के आधार पर पायलट को बिना वेतन ड्यूटी से हटाया गया था।
यह भी देखेंःVande Bharat to Pamban Bridge: वंदे भारत से पंबन ब्रिज तक, राष्ट्रपति मुर्मू के अभिभाषण की बड़ी बातें
हादसे से पहले के मिनट
एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जुड़ी जानकारियों के अनुसार विमान ने तय समय पर उड़ान भरी थी, लेकिन लैंडिंग के दौरान दृश्यता कम होने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि रनवे न दिखने के कारण पहली कोशिश असफल रही और कुछ ही देर बाद दूसरी कोशिश में हादसा हो गया।
जांच जारी
नागरिक उड्डयन मंत्रालय का कहना है कि शुरुआती संकेत कम दृश्यता की ओर इशारा करते हैं, लेकिन अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा। वहीं विपक्ष और विशेषज्ञ यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या वीआईपी उड़ानों में पायलट के पुराने रिकॉर्ड की पर्याप्त समीक्षा की गई थी।