.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dd3791435-1924-402b-9375-98c194ca5f72&w=3840&q=75)
Jagdeep Dhankhar: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस्तीफे के 40 दिन बाद उपराष्ट्रपति एन्क्लेव का सरकारी आवास खाली कर दिया है। अब वह अस्थायी तौर पर छतरपुर स्थित इंडियन नेशनल लोकदल के महासचिव अभय सिंह चौटाला के निजी फॉर्महाउस में रह रहे हैं। सरकार की ओर से उनके लिए 34 एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग पर टाइप-8 का बंगला आवंटित किया गया है, लेकिन उसके तैयार होने में लगभग तीन महीने का समय लगेगा। धनखड़ ने 21 जुलाई को अचानक स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था। नियम के अनुसार वे इस्तीफे के बाद 15 महीने तक उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में रह सकते थे, लेकिन उन्होंने जल्दी ही घर खाली कर दिया।
टाइप-8 बंगला तीन महीने में होगा तैयार
शहरी विकास मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले डायरेक्टर ऑफ एस्टेट ने अगस्त में ही 34 एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग स्थित टाइप-8 बंगले को खाली करा लिया था और इसे धनखड़ को आवंटित कर दिया है। यह बंगला तैयार होने के बाद वह इसमें शिफ्ट होंगे। नियम के अनुसार, पूर्व उपराष्ट्रपति को दिल्ली के लुटियन जोन में टाइप-8 का बंगला या उनके पैतृक स्थान पर दो एकड़ जमीन आवंटित की जाती है। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया था कि यदि धनखड़ इस बंगले को पसंद नहीं करते हैं तो उनके लिए दूसरे विकल्प की भी व्यवस्था की जा सकती है।
यह भी देखेंःIndia Came Forward to Help: भूकंप से तबाह अफगानिस्तान की मदद को आगे आया भारत, भेजे तंबू और खाद्य सामग्री
9 सितंबर को मिलेगा नया उपराष्ट्रपति
धनखड़ पिछले वर्ष ही नए उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में शिफ्ट हुए थे, जो सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत संसद भवन के पास बनाया गया है। उनके अचानक इस्तीफे से उपराष्ट्रपति का पद खाली हो गया। अब चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव की तारीख 9 सितंबर तय की है। एनडीए ने इस चुनाव में महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि इंडिया गठबंधन ने पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है। इस तरह 9 सितंबर को देश को नया उपराष्ट्रपति मिलने जा रहा है।