Dhurandhar Netflix Record: रणवीर सिंह स्टारर और आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर' ने थिएट्रिकल रन के दौरान तमाम रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। वहीं इसका ये सिलसिला ओटीटी पर भी बरकरार है। सिनेमाघरों में कमाई के कई रिकॉर्ड तोड़ने के बाद इस फिल्म ने नेटफ्लिक्स पर भी नया इतिहास रच दिया है। नेटफ्लिक्स के को-सीईओ टेड सारंडोस ने एक्सप्रेस अड्डा कार्यक्रम के दौरान खुलासा किया कि धुरंधर इस साल वैश्विक स्तर सबसे ज्यादा देखी जानी वाली नॉन इंग्लिस फिल्म बन गई है।
37 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले
आपको बता दें कि धुरंधर को जनवरी से जून 2026 के बीच नेटफ्लिक्स पर 37 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले हैं। यह फिल्म दुनिया भर के 22 देशों में नेटफ्लिक्स की टॉप लिस्ट में पहले पायदान पर रही। आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर फ्रैंचाइजी की दोनों फिल्मों ने दुनिया भर में कुल मिलाकर 3100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है। वहीं इसका दूसरा भाग 'धुरंधर: द रिवेंज' भारत में नेट कलेक्शन में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई।
भारत को अपना 'स्क्विड गेम' या 'मनी हाइस्ट' कब मिलेगा?
टेड सारंडोस से पूछा गया कि भारत को स्क्विड गेम या मनी हाइस्ट जैसा ग्लोबल शो कब मिलेगा? इस पर उन्होंने जवाब दिया कि “जब मैं दुनिया भर में, खासकर भारत में घूमता हूं, तो अक्सर सुनता हूं कि 'स्क्विड गेम' या 'ला कासा डे पैपेल' जैसा कुछ भारत में कब होगा? और मेरा जवाब होता है कि भारत में ऐसा सिनेमा के जरिए हमेशा होता रहता है। भारत का फिल्म इतिहास काफी समृद्ध है। जब हमने 'सेक्रेड गेम्स' बनाया, तो वह टेलीविजन का एक बिल्कुल अलग रूप था। यहां इस तरह की सफलता सिनेमा से ही मिलने की सबसे ज्यादा संभावना है।
दुनिया भर में पॉपुलर है भारतीय कंटेंट
टेड सारंडोस ने बताया कि 2024 में हर हफ्ते दुनिया की टॉप 10 लिस्ट में कोई न कोई भारतीय फिल्म या शो शामिल रहा है। उन्होंने इस सफलता का क्रेडिट नेटफ़्लिक्स के रिकमेंडेशन एल्गोरिदम को दिया, जो दर्शकों को उनकी पसंद का कंटेंट खोजने में मदद करता है। उन्होंने बताया कि इस साल दुनिया भर के लोगों ने 3.5 अरब घंटे भारतीय कंटेट देखा है।
कहां देखें फिल्म
आपको बता दें कि धुरंधर का पहला पार्ट दिसंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुआ था, जो अब नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है। वहीं इसका दूसरा पार्ट 'धुरंधर: द रिवेंज' मार्च में रिलीज हुआ था, जो कि अब नेटफ्लिक्स और जियो हॉटस्टार दोनों प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हो रहा है।