
अहमदाबाद में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है. इस मैच के पहले दिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज की आधी टीम को सस्ते में पवेलियन भेज दिया. बता दें कि इस मैच में टॉस जीतकर वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत खराब रही. चौथे ओवर में मोहम्मद सिराज ने तेगनारायण चंद्रपॉल को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया. इसके बाद 7वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने जॉन कैंपबेल (8 रन) को चलता किया.
सिराज की घातक गेंदबाजी से बल्लेबाज पस्त
सिराज ने पहले सेशन में शानदार लय दिखाई. इस दौरान उन्होंने ब्रेंडन किंग (13 रन) को बोल्ड किया और फिर एलिक एथनाज (12 रन) को केएल राहुल के हाथों कैच कराया. इसके बाद रोस्टन चेज को भी उन्होंने ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया गया. सिराज ने अब तक 4 विकेट झटके हैं और उनका सेलिब्रेशन रोनाल्डो स्टाइल में देखने को मिला है.
कुलदीप और बुमराह ने किया कमाल
वहीं स्पिनर कुलदीप यादव ने लंच से ठीक पहले वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज शाई होप (26 रन) को बोल्ड कर टीम को छठी सफलता दिलाई. जबकि बुमराह ने कैंपबेल का विकेट झटक लिया. भारतीय गेंदबाजी आक्रमण ने शुरुआत से ही वेस्टइंडीज को दबाव में बनाए रखा.
पहले सेशन पर भारत का रहा कब्जा
वहीं 23.2 ओवर के पहले सेशन में वेस्टइंडीज ने 90 रन बनाए और पांच विकेट गंवा दिए. कप्तान शुभमन गिल ने गेंदबाजों को बड़ी ही समझदारी से इस्तेमाल किया. लंच तक भारतीय टीम ने विपक्षी बल्लेबाजों पर पूरी तरह पकड़ बना ली थी.
100 रन पूरे करने में लगी कड़ी मेहनत
वेस्टइंडीज की टीम ने 27वें ओवर में 100 रन पूरे कर लिए हैं. इस दौरान सिराज की एक बाउंसर विकेटकीपर जुरेल से भी छूट गई, जिससे कैरेबियाई टीम को 5 अतिरिक्त रन मिल गए. हालांकि रन बनाने की रफ्तार बेहद धीमी रही और विकेट लगातार गिरते रहे.
ग्रीव्स का DRS से मिला बचाव
31वें ओवर में जस्टिन ग्रीव्स को अंपायर ने LBW आउट दिया, लेकिन उन्होंने तुरंत DRS ले लिया. रीप्ले में साफ हुआ कि गेंद लेग स्टंप के बाहर जा रही थी और इस तरह ग्रीव्स बच गए. उस समय वे 15 रन पर खेल रहे थे.
इसे भी पढ़ें : ट्रंप सरकार को झटका: अमेरिका में शटडाउन, जानें भारतीय शेयर बाजार पर असर
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नीतीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह।
वेस्टइंडीज: तेगनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैंपबेल, एलिक एथनाज, ब्रेंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेज, जस्टिन ग्रीव्स, जोमेल वारिकन, खारी पियर, जैडन सील्स और जोहान लेयने।
वेस्टइंडीज ने 6 विकेट खोकर 121 रन बनाए
खबर लिखे जाने तक वेस्टइंडीज ने 6 विकेट पर 121 रन बना लिए थे. ग्रीव्स और खारी पियर क्रीज पर टिके हुए हैं. भारतीय गेंदबाज लगातार दबाव बनाए हुए हैं और टीम इंडिया की कोशिश होगी कि जल्द से जल्द वेस्टइंडीज की पारी समेटकर बढ़त हासिल कर ली जाए.