Smart Monitoring System: दिल्ली सरकार राजधानी में बढ़ते धूल प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लेने जा रही है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) जल्द ही DUST Portal 2.0 लॉन्च करने की तैयारी में है। यह AI आधारित प्लेटफॉर्म निर्माण स्थलों की 24 घंटे निगरानी करेगा और प्रदूषण नियंत्रण नियमों के उल्लंघन पर तुरंत अलर्ट जारी करेगा। सरकार का दावा है कि इससे दिल्ली की वायु गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी।
AI तकनीक से होगी निर्माण स्थलों की निगरानी
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पोर्टल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि यह सिस्टम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रियल-टाइम डेटा एनालिसिस और डिजिटल मॉनिटरिंग तकनीक से लैस होगा। पोर्टल में AI कैमरे, PM सेंसर और अन्य स्मार्ट उपकरण लगाए जाएंगे, जिनकी मदद से निर्माण गतिविधियों और धूल नियंत्रण उपायों की लगातार निगरानी की जाएगी।
नियम तोड़ने पर तुरंत जारी होगा अलर्ट
DUST Portal 2.0 में ऐसा सिस्टम विकसित किया गया है जो प्रदूषण का स्तर तय सीमा से ऊपर जाने पर स्वतः अलर्ट भेजेगा। येलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट के जरिए अधिकारियों को तुरंत जानकारी मिलेगी, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। सरकार का कहना है कि इससे निर्माण स्थलों पर नियमों के पालन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
यह भी देखेंःCentre Tightens: घुसपैठियों पर सख्त हुआ केंद्र, बांग्लादेश को भेजी हजारों लोगों की सूची
QR कोड से बढ़ेगी पारदर्शिता
नई व्यवस्था के तहत हर पंजीकृत निर्माण स्थल को एक विशेष QR कोड दिया जाएगा। अधिकारी इस कोड को स्कैन करके साइट की पूरी जानकारी, ऑडिट रिपोर्ट और पर्यावरण मानकों के पालन की स्थिति तुरंत देख सकेंगे। इससे निरीक्षण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी। अधिकारियों के लिए विशेष डिजिटल डैशबोर्ड भी तैयार किए जा रहे हैं।
स्वच्छ दिल्ली बनाने की दिशा में बड़ा कदम
सरकार का कहना है कि राजधानी में विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन लोगों की सेहत से समझौता नहीं किया जा सकता। DUST Portal 2.0 को प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। यह सिस्टम निर्माण स्थलों से निकलने वाली धूल पर नियंत्रण रखने के साथ-साथ अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने में भी मदद करेगा। सरकार को उम्मीद है कि इससे दिल्ली को स्वच्छ और बेहतर वायु गुणवत्ता वाला शहर बनाने में सहायता मिलेगी।