
महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर विवादों के घेरे में है और इस बार केंद्र में हैं उपमुख्यमंत्री एवं एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार। अक्सर सुर्खियों में रहने वाले पवार अब महिला आईपीएस अधिकारी से कथित धमकी भरी बातचीत को लेकर चर्चा में हैं। फोन कॉल का यह ऑडियो और चैट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक पारा चढ़ गया है।
महिला आईपीएस को फोन पर धमकी
ये पूरा मामला सोलापुर के करमाला इलाके का है, जहां डीएसपी अंजलि कृष्णा अवैध खनन की शिकायतों पर कार्रवाई कर रही थीं। कार्रवाई के दौरान एनसीपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इस एफआईआर में वरिष्ठ नेता बाबा जगताप समेत 10–15 कार्यकर्ताओं का नाम शामिल है। इसी दौरान खुद डिप्टी सीएम अजित पवार ने फोन कर महिला अधिकारी से कार्रवाई रोकने की बात कही।
बातचीत में पवार ने पहले खुद को “डीसीएम अजित पवार” बताकर कार्रवाई रोकने का आदेश दिया। अधिकारी ने नियमों का हवाला दिया और सीधे फोन करने से इनकार किया। इस पर पवार नाराज़ हो गए और बोले कि “तुम पर कार्रवाई करूंगा, इतनी हिम्मत है तुम्हारी? मेरा चेहरा तो पहचानोगी ना!” इसके बाद डिप्टी सीएम अजित पवार ने अधिकारी को वीडियो कॉल की और तहसीलदार से बात करने का निर्देश दिया। ये पूरा घटनाक्रम तकरीबन तीन घंटों तक जारी रहा।
ये भी पढ़ें : Jodhpur में संघ की बड़ी बैठक, 32 संगठनों के पदाधिकारी जुटे, राष्ट्रीय मुद्दों और संगठनात्मक रणनीति पर हो रहा गहन मंथन
अधिकारक्षेत्र को लेकर उठे सवाल
इस विवाद ने राजनीतिक रंग तब ले लिया, जब यह सवाल खड़ा हुआ कि पुलिस विभाग उपमुख्यमंत्री के अधिकारक्षेत्र में आता भी है या नहीं। दरअसल, अजित पवार के पास वित्त एवं योजना के साथ राज्य आबकारी विभाग की जिम्मेदारी है, जबकि पुलिस और गृह विभाग मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास है। ऐसे में यह मामला सीधे-सीधे दूसरे विभाग में दखल देने का प्रतीत होता है।
विपक्ष का हमला, सत्तापक्ष में असहजता
वायरल ऑडियो और एफआईआर के बाद विपक्ष ने पवार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव गुट) ने इसे “अत्याचार और दबाव की राजनीति” बताया, वहीं बीजेपी खेमे में भी इस विवाद को लेकर असहजता देखी जा रही है। अब पूरा मामला सीएम फडणवीस की प्रतिक्रिया और संभावित जांच पर टिका हुआ है।
अजित पवार और महिला आईपीएस के बीच हुई तीखी बातचीत ने एक बार फिर राज्य की राजनीति में तूफान ला दिया है। यह विवाद केवल एक अधिकारी को धमकाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सत्ता के अधिकारक्षेत्र, राजनीतिक दबाव और प्रशासनिक स्वतंत्रता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।