Akash Anand Returns to BSP: बहुजन समाज पार्टी यानी BSP में आकाश आनंद की एक बार फिर वापसी हो गई है। पार्टी प्रमुख मायावती ने उन्हें राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब कुछ दिन पहले ही आकाश आनंद ने मायावती से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए पार्टी में दोबारा काम करने का मौका देने की अपील की थी। मायावती ने सितंबर में उन्हें पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से हटा दिया था और बाद में उनके छोटे भाई ईशान आनंद को राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया था।
मायावती से माफी के बाद बदले समीकरण
2 अक्टूबर को आकाश आनंद ने सोशल मीडिया पर मायावती को संबोधित करते हुए कहा था कि उन्होंने राजनीति का अधिकांश ज्ञान उन्हीं से सीखा है। उन्होंने BSP को सिर्फ राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि अपना परिवार बताया था और मायावती के नेतृत्व में दोबारा काम करने की इच्छा जताई थी। आकाश ने यह भी स्पष्ट किया था कि उनका किसी दूसरे राजनीतिक दल में जाने का इरादा नहीं है।
मायावती ने बताई वापसी की वजह
मायावती ने अपने बयान में कहा कि पूरा बहुजन समाज उनका परिवार है और उसके हित को वह सर्वोपरि मानती हैं। उन्होंने आकाश आनंद के हालिया सोशल मीडिया पोस्ट का भी जिक्र किया और कहा कि पार्टी के कई लोगों ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर दोबारा काम करने का मौका देने की बात कही थी। मायावती के मुताबिक, आकाश के पिता और छोटे भाई की ओर से भी उनके दोबारा पार्टी में काम करने पर सहमति जताई गई।
यह भी देखेंःGST में फिर बदलाव की तैयारी, छोटे दुकानदारों से लेकर ग्राहकों तक क्या बदलेगा
सितंबर में ईशान आनंद को मिली थी जिम्मेदारी
इससे पहले सितंबर में मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी की जिम्मेदारियों से अलग कर दिया था। इसके बाद उनके छोटे भाई ईशान आनंद को राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया था। उस समय मायावती ने संगठन में अनुशासन और नेतृत्व से जुड़े मुद्दों को लेकर कई बदलाव किए थे। अब आकाश की वापसी के साथ BSP के संगठन में एक बार फिर बड़ा बदलाव हुआ है।
आकाश आनंद के सामने अब बड़ी जिम्मेदारी
आकाश आनंद की वापसी ऐसे समय हुई है जब उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। अब राष्ट्रीय संयोजक के तौर पर उनकी भूमिका पार्टी के संगठन और आगामी राजनीतिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि पार्टी के भीतर जिम्मेदारियों और आगे की रणनीति को लेकर विस्तृत तस्वीर आने वाले दिनों में और साफ होगी।