
एक ओर जहां अखिलेश यादव इन दिनों बिहार में वोटर अधिकार यात्रा में महागठबंधन को मजबूत करने में लगे हैं, तो वहीं दूसरी ओर UP के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. इस बार निशाना बिहार में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में अखिलेश यादव की भागीदारी बना. केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव की स्थिति न तीन में न तेरह जैसी है और सपा का बिहार में कोई भविष्य नहीं है. उनके अनुसार, सपा का बिहार से संबंध सिर्फ परिवार के नाम तक सीमित है और जनता इसके लिए कोई उम्मीद नहीं रखती.
सोशल मीडिया पर किया केशव प्रसाद मौर्य ने पोस्ट
केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “बिहार में नितांत असफल वोट अधिकार यात्रा में सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव की हालत ‘न तीन में न तेरह’ जैसी ही रही. जिस पार्टी का बिहार में न कोई अतीत है, न वर्तमान और न कोई भविष्य।” उन्होंने ये भी कहा कि बिहार की जनता इस परिवारवादी राजनीति से नाखुश है और आने वाले चुनाव इसका परिणाम दिखाएंगे.
ये भी पढ़ें : इस बार टोलकर्मी नहीं बल्कि पुलिसकर्मियों से हुआ फौजी भाइयों का झगड़ा, जानें क्या है पूरा मामला ?
अखिलेश-राहुल-तेजस्वी को बताया ‘चोर-चोर मौसेरे भाई’
दरअसल, शनिवार को पटना के गांधी मैदान में इस वोटर अधिकार यात्रा का समापन हुआ. इसमें राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हिस्सा लिया. अखिलेश यादव ने इस दौरान चुनाव आयोग और बीजेपी पर जमकर आरोप लगाए और वोट चोरी के मुद्दे को उठाया. केशव मौर्य ने इस तिकड़ी को ‘चोर-चोर मौसेरे भाई’ बताते हुए राजनीति में परिवारवाद, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का प्रतीक करार दिया. उन्होंने कहा कि इस तिकड़ी का उद्देश्य सिर्फ सत्ता और व्यक्तिगत लाभ है और इनके एजेंडे में समाजहित का कोई स्थान नहीं है. उनका ये हमला लगातार विपक्षी दलों के खिलाफ जारी है. इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक हलकों में सपा और बीजेपी के बीच बयानबाजी की संभावना बढ़ गई है. केशव मौर्य के निशाने पर अक्सर राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव की तिकड़ी रही है. उनका कहना है कि ‘बुलेट से बैलेट’ का सिद्धांत अपनाने वाली ये तिकड़ी समाज विरोधी गतिविधियों में लिप्त है और बिहार में इसका कोई भविष्य नहीं है.