Akhilesh taunts Nitish Kumar: बिहार के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद सियासी प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इस पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि उनकी इच्छा थी कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनकर रिटायर होते, लेकिन अब हालात अलग नजर आ रहे हैं।
PM बनकर रिटायर होते तो बेहतर होता
अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन के कई सहयोगियों की भी यही इच्छा थी कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद तक पहुंचें और उसी रूप में राजनीति से विदाई लें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब ऐसा लगता है कि वह राज्यसभा सदस्य के रूप में ही रिटायर होंगे, जो उनके साथ एक तरह का ‘धोखा’ है।
बीजेपी पर साधा निशाना
जयपुर दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जहां बीजेपी है, वहां पीड़ा है और जहां पीड़ा है, वहां PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि वह इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं।
यह भी देखेंःWB Elections 2026: जेल से निकलकर चुनावी मैदान में उतरे राकेश सिंह, कोलकाता पोर्ट सीट पर मुकाबला दिलचस्प
घोषणापत्र और वादों पर उठाए सवाल
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बीजेपी के संकल्प पत्र पर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता वादे तो करते हैं, लेकिन उन्हें पूरा हुआ या नहीं, इसकी समीक्षा नहीं करते। किसानों की आय दोगुनी करने जैसे वादों का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार की नीतियों पर निशाना साधा।
डबल इंजन सरकार
अखिलेश यादव ने ‘डबल इंजन सरकार’ के नारे पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि दोनों इंजन एक-दूसरे की रफ्तार बढ़ाने के बजाय टकराते नजर आते हैं। साथ ही उन्होंने विदेश नीति को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि अगर सही फैसले लिए जाते, तो भारत को वैश्विक स्तर पर अलग पहचान मिल सकती थी।