Akhilesh Yadav Attacks Yogi Government: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सोमवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में पार्टी के जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के साथ बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने योगी सरकार पर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, कथित फर्जी एनकाउंटर और पीडीए समाज के उत्पीड़न को लेकर गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेगी और सरकार की नाकामियों को जनता के बीच लेकर जाएगी।
पीडीए समाज के उत्पीड़न का लगाया आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकारी व्यवस्था में पीडीए समाज के लोगों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस विभाग में पीडीए वर्ग के अधिकारियों को महत्वपूर्ण फील्ड पोस्टिंग नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ऐसे मामलों की जांच कराई जाएगी। अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश में जाति के आधार पर फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं और एसटीएफ में भी पीडीए समाज के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने सरकार की एसटीएफ को लेकर भी तीखी टिप्पणी की।
हिरासत में मौत और एनकाउंटर पर सवाल
सपा प्रमुख ने बदायूं में राजेश कोरी नाम के युवक की पुलिस हिरासत में मौत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से मौत की वजह हृदयाघात बताई गई है, लेकिन इस मामले में पूरी जांच होनी चाहिए। अखिलेश ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में हिरासत में मौत के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई में जाति को आधार बनाया जा रहा है। सपा प्रमुख ने कहा कि सत्ता में आने पर उनकी पार्टी ऐसे मामलों की जांच कराएगी और दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
एआई वीडियो को लेकर सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर उनके और उनकी पत्नी डिंपल यादव से जुड़े एआई वीडियो बनाए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल गलत तरीके से नहीं किया जाना चाहिए। अखिलेश ने दावा किया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को ऐसे वीडियो बनाने से मना किया गया है, लेकिन विपक्षी दल के समर्थकों की ओर से लगातार इस तरह की सामग्री प्रसारित की जा रही है। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के इतिहास में ऐसी भ्रष्ट सरकार पहले कभी नहीं आई।
यह भी देखेंःदिल्ली में शर्मनाक हरकत! 47 किमी तक चलती बस में दरिंदगी , पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
बंद स्कूल और बाढ़ का मुद्दा उठाया
अखिलेश ने कहा कि शिक्षक दिवस के मौके पर सपा उन स्कूलों में भी कार्यक्रम करेगी, जिन्हें सरकार ने बंद किया है। उन्होंने दावा किया कि करीब 26 हजार स्कूल बंद किए गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने चित्रकूट, बांदा और प्रयागराज में बाढ़ की स्थिति को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। प्रयागराज में विकास कार्यों पर खर्च का उल्लेख करते हुए उन्होंने वहां की स्थिति पर तंज कसा। गोरखपुर को लेकर सांसद रवि किशन के बयान पर भी अखिलेश ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोगों को गोरखपुर वेनिस जैसा दिखाई देता है।
मतदाता सूची को लेकर कार्यकर्ताओं को किया सतर्क
सपा प्रमुख ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि चुनाव से पहले फिर से मतदाता सूची में बदलाव की कोशिश हो सकती है और पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की जरूरत है। अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी का लक्ष्य पीडीए की सरकार बनाना है। उन्होंने बताया कि बूथ स्तर पर अभियान शुरू किया जाएगा और पार्टी नेताओं को अगले दो सप्ताह तक प्रदेश में होने वाले कथित अत्याचारों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के निर्देश दिए गए हैं।