
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बीजेपी को ‘बेवफा’ बताते हुए कहा कि यह पार्टी अपने सहयोगियों तक के साथ वफादारी नहीं निभाती। अखिलेश का यह बयान उस समय आया जब बीजेपी की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के नेता और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के लखनऊ स्थित आवास के बाहर प्रदर्शन किया।
राजभर ने ABVP कार्यकर्ताओं को ‘गुंडा’ कहकर खड़ा किया था विवाद
दरअसल, हाल ही में ओम प्रकाश राजभर ने ABVP कार्यकर्ताओं को ‘गुंडा’ कहकर विवाद खड़ा कर दिया था। मामला लखनऊ की श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी का है, जहां लॉ कोर्स की मान्यता को लेकर ABVP कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया। ABVP का आरोप है कि राजभर ने लाठीचार्ज का समर्थन किया और कार्यकर्ताओं को अपमानित करते हुए ‘गुंडा’ कहा। इसी बयान से नाराज होकर ABVP कार्यकर्ताओं ने बुधवार रात हजरतगंज स्थित राजभर के घर के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पथराव किया और राजभर का पुतला भी फूंका।
बीजेपी किसी की सगी नहीं- अखिलेश
अखिलेश यादव ने इस पूरे घटनाक्रम को बीजेपी की राजनीति से जोड़ते हुए निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “बीजेपी किसी की सगी नहीं। कल तक इसकी अपनी ‘परिषद’ और ‘वाहिनी’ आपस में लड़ रही थीं, और अब यह अपने सहयोगियों के घरों पर प्रदर्शन करवा रही है।” अखिलेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी की सोच ही बांटने वाली है। यह पार्टी पहले अपने संगठनों में फूट डालती है और बाद में अपने सहयोगियों को भी ठग देती है।
ये भी पढ़ें : Betting App Case: Shikhar Dhawan से ED की पूछताछ, पहले Suresh Raina भी घिर चुके हैं सवालों में
SBSP को भी सपा प्रमुख ने कटघरे में खड़ा किया
सपा प्रमुख ने सीधे नाम लिए बिना SBSP को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने अपने सहयोगियों को ऐसी हालत में पहुंचा दिया है कि अब वे अपने ही समाज में इज्जत से सिर नहीं उठा पा रहे। अखिलेश ने तंज कसा, “उनकी सियासी जिंदगी बर्बाद हो चुकी है। उनके हाथ-पैर ठंडे पड़ गए हैं और चेहरा पीला हो गया है।” यहां उन्होंने राजभर की पार्टी के पीले रंग के प्रतीक को भी निशाने पर लिया।
अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी सिर्फ अपने सहयोगियों का इस्तेमाल करती है। “बीजेपी की रणनीति है कि पहले इस्तेमाल करो और फिर फेंक दो। पैसे के लालच में फंसे बीजेपी के सहयोगी अब समझ रहे हैं कि ये पार्टी उनकी आर्थिक हालत तो सुधार सकती है, लेकिन इज्जत कभी नहीं देगी।”
इस बयानबाजी से साफ है कि आने वाले समय में यूपी की सियासत और गरम होने वाली है। बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के बीच तनाव बढ़ रहा है, वहीं विपक्ष इस मौके का इस्तेमाल कर सरकार पर हमला तेज कर रहा है।