Box Office : अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का सिनेमाघरों में सफर अब लगभग खत्म हो चुका है. अहमद खान के निर्देशन में बनी इस कॉमेडी फिल्म ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की थी. हालांकि, बाद में नई फिल्मों की रिलीज और कम होते शोज का असर इसकी कमाई पर देखने को मिला। इसके बावजूद फिल्म ने अक्षय कुमार की पोस्ट-कोविड फिल्मों में अपनी खास जगह बना ली.
135 करोड़ के पार पहुंची कमाई
बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने भारत में करीब ₹135.2 करोड़ नेट का कलेक्शन किया. वहीं इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन लगभग ₹159.5 करोड़ तक पहुंचा। तीसरे हफ्ते के बाद फिल्म की रोजाना कमाई काफी कम हो गई थी, जिसके चलते इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई.
ये भी पढ़ें - Box Office : यश के नाम होगा बड़ा रिकॉर्ड? ‘टॉक्सिक’ और ‘रामायण’ से 100 करोड़ ओपनिंग की उम्मीद
अक्षय की टॉप-5 पोस्ट-कोविड फिल्मों में शामिल
'वेलकम टू द जंगल' ने इस कमाई के साथ अक्षय कुमार की पोस्ट-कोविड फिल्मों में पांचवां स्थान हासिल किया. रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने 'स्काई फोर्स' को पीछे छोड़कर यह मुकाम हासिल किया. इस लिस्ट में 'भूत बंगला', 'हाउसफुल 5', 'सूर्यवंशी' और 'ओएमजी 2' जैसी फिल्में इससे ऊपर हैं.
शुरुआत रही शानदार
फिल्म ने रिलीज के शुरुआती दिनों में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफलता हासिल की. पहले वीकेंड में इसने करीब ₹63.75 करोड़ नेट कमाए थे. इसके बाद पहले हफ्ते का कलेक्शन करीब ₹92-95 करोड़ के आसपास पहुंच गया। दूसरे हफ्ते में भी फिल्म ने कमाई जारी रखी, लेकिन 'अल्फा' और बाद में 'धमाल 4' जैसी फिल्मों की वजह से इसके शोज कम हुए.
क्या रही फिल्म की खास बात?
'वेलकम टू द जंगल' में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस और दिशा पाटनी समेत कई कलाकार नजर आए. बड़े स्टार कास्ट और कॉमेडी फ्रेंचाइजी का फायदा फिल्म को शुरुआती बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में मिला। हालांकि, लंबे समय तक कमाई बनाए रखना इसके लिए चुनौती साबित हुआ.