UP School Closed: देश भर में इन दिनों कावड़ यात्रा चल रही है। दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा सहित कई राज्यों से लोग हरिद्वार गंगा जल लेने के लिए आएं हैं। इस यात्रा के चलते उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार मुजफ्फरनगर जिले में 3 से 10 अगस्त तक यानि कुल 8 दिनों के लिए सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए लिया गया फैसला
जिला मजिस्ट्रेट उमेश मिश्रा की ओर से जारी आदेश के अनुसार कांवड यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और जिले में सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल-कॉलेज पर समान रूप से लागू होगा।
11 अगस्त को खत्म होगी कांवड़ यात्रा
आपको बता दें कि इस साल कांवड़ यात्रा की शुरुआत 30 जुलाई से हुई थी, जो कि 11 अगस्त तक समाप्त होगी। हरिद्वार से गंगा जल लेकर आने वाले तीर्थयात्रियों का 3 अगस्त से मुजफ्फरनगर में बड़ी संख्या में आगमन शुरू होगा, जिसे देखते हुए प्रशासन ने पहले ही कड़े इंतजाम कर लिए हैं। स्कूल और कॉलेजों को बंद रखने से ट्रैफिक को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें: IBPS Clerk Recruitment 2026: आईबीपीएस में क्लर्क के 11,403 पदों पर निकली भर्ती; आवेदन शुरू, ऐसे करें अप्लाई
प्रशासन के अन्य निर्देश
बता दें कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली मांस-मछली की सभी दुकानों और रेस्तरां को 12 अगस्त तक पूरी तरह बंद रखने का आदेशन दिया गया है। इसके अलावा कांवड़ मार्ग पर मौजूद शराब की दुकानों को पर्दों से ढका जाएगा। अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है और निगरानी भी बढ़ा दी है.
मेरठ में भी बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज
बता दें कि मुजफ्फरनगर के अलावा मेरठ के जिलाधिकारी ने भी कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिले की सभी शिक्षण संस्थानों को 3 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। इसमें बेसिक, माध्यमिक, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान शामिल हैं।