IBPS Clerk Recruitment 2026: बैकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनेल सिलेक्शन (IBPS) की ओर से क्लर्क (कस्टमर सर्विस एसोसिएट/ XVI) के पदों पर भर्ती निकाली गई है। इस भर्ती अभियान के जरिए देशभर के 11 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कुल 11,403 क्लर्क पदों पर नियुक्तियां की जाएगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 21 अगस्त 2026 तय की गई है।
ऐसे करें आवेदन
1. सबसे पहले आईबीपीएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
2. इसके बाद भर्ती से जुड़े लिंक पर क्लिक करें।
3. अब रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करें।
4. फिर लॉगिन कर मांगी गई सभी जानकारी दर्ज करें।
5. अंत में आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म को सबमिट कर दें।
कौन कर सकता है आवेदन
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास भारत के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। आयु सीमा की बात करें, तो उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष व अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके अलावा, विशेष वर्ग के उम्मीदवारों को आयु में छूट भी प्रदान की जाएगी।
आवेदन शुल्क
आवेदन शुल्क की बात की जाए, तो इन पदों पर आवेदन करने के लिए जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के उम्मीदवारों को 850 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा, जबकि एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी कैटेगरी के अभ्यर्थियों के लिए फीस 175 रुपये निर्धारित की गई है।
यह भी पढ़ें: BPCL Recruitment 2026: बीपीसीएल में तकनीशियन, ऑपरेटर के पदों पर निकली भर्ती, ऐसे करें आवेदन
इन बैंकों में होगी नियुक्ति
बैंक ऑफ इंडिया
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया
पंजाब नेशनल बैंक
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया
बैंक ऑफ महाराष्ट्र
इंडियन बैंक
पंजाब एंड सिंध बैंक
बैंक ऑफ बड़ौदा
केनरा बैंक
इंडियन ओवरसीज बैंक
यूको बैंक
कब होगी परीक्षा
आईबीपीएस की ओर से जारी कैलेंडर के अनुसार इस भर्ती के लिए प्रीलिम्स परीक्षा का आयोजन 10 और 11 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद इसमें सफल उम्मीदवारों को 27 दिसंबर 2026 को मेंस परीक्षा में शामिल होना होगा। दोनों चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों को आगे लोकल लैंग्वेज में प्रोफिशिएंसी टेस्ट से गुजरना होगा।
मेंस परीक्षा के पैटर्न में बदलाव
इस भर्ती में प्रिलिम्स परीक्षा का पैटर्न पहले जैसा ही रखा गया है, लेकिन मेंस परीक्षा में बदलाव किया गया है. अब मेंस में 160 प्रश्न पूछे जाएंगे, जबकि पहले 155 प्रश्न होते थे। परीक्षा का समय भी 120 मिनट से बढ़ाकर 125 मिनट कर दिया गया है। क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड के प्रश्न 35 से बढ़ाकर 40 कर दिए गए हैं।