Aloo Kuttu Kadhi Recipe : नवरात्रि के व्रत में अगर आप बार-बार सादे उबले आलू खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं. आलू और कुट्टू के आटे से बनी कढ़ी पकौड़ा आपके व्रत के खाने को खास बना सकती है. इसका स्वाद चटपटा और लाजवाब होता है. इसे समक के चावल के साथ परोसें, तो लंच का मजा दोगुना हो जाएगा. आइए जानते हैं आलू-कुट्टू की कढ़ी बनाने की आसान रेसिपी.
आलू-कुट्टू की कढ़ी बनाने के लिए सामग्री
- 2 मध्यम आकार के आलू
- आधा कप कुट्टू का आटा
- 1 कप दही
- 2 कप पानी
- 1-2 हरी मिर्च
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- सेंधा नमक स्वादानुसार
- 1 छोटा चम्मच घी
- बारीक कटा हरा धनिया
ध्यान रखें कि व्रत में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री आपके व्रत के नियमों के अनुसार होनी चाहिए.
पकौड़े बनाने का तरीका
सबसे पहले आलू को छीलकर कद्दूकस कर लें. अब इसमें कुट्टू का आटा, बारीक कटी हरी मिर्च और सेंधा नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें, ताकि मिश्रण पकौड़े बनाने लायक हो जाए. अब एक पैन में घी गर्म करें और मिश्रण की छोटी-छोटी पकौड़ियां डालकर धीमी से मध्यम आंच पर अच्छी तरह पका लें. इन्हें अलग रख दें.
ये भी पढ़ें - Vrat Special Recipe: व्रत में ट्राई करें आलू-पालक की स्वादिष्ट सब्जी, फलाहारी थाली में आएगा नया स्वाद
ऐसे तैयार करें व्रत वाली कढ़ी
एक बर्तन में दही और थोड़ा कुट्टू का आटा डालकर अच्छी तरह फेंट लें. अब इसमें पानी मिलाएं और गांठें खत्म होने तक चलाएं. दूसरे पैन में घी गर्म करके जीरा और हरी मिर्च का तड़का लगाएं. इसके बाद दही वाला मिश्रण डालें और लगातार चलाते हुए उबाल आने दें. फिर धीमी आंच पर कुछ देर पकाएं, जब तक कढ़ी थोड़ी गाढ़ी न हो जाए.
समक के चावल के साथ करें सर्व
अब तैयार कढ़ी में आलू-कुट्टू के पकौड़े डालकर 3-4 मिनट धीमी आंच पर पकाएं. ऊपर से हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें. आपकी स्वादिष्ट आलू-कुट्टू की कढ़ी तैयार है. इसे गर्मागर्म समक के चावल के साथ परोसें. नवरात्रि के व्रत में यह रेसिपी आपके रोजाना के खाने में नया स्वाद जोड़ सकती है.