Amarnath Yatra 2026: खराब मौसम और भारी बारिश के चलते एक दिन के लिए रोकी गई अमरनाथ यात्रा अब दोबारा शुरू हो गई है। मौसम में सुधार के बाद 1 अगस्त की सुबह प्रशासन ने बालटाल मार्ग से यात्रा को फिर से हरी झंडी दे दी। इसके बाद बेस कैंप में रुके श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, बारिश और खराब हालात को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से बालटाल रूट पर यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। अब स्थिति सामान्य होने के बाद श्रद्धालुओं की आवाजाही फिर शुरू कर दी गई है।
बालटाल मार्ग से जारी है यात्रा
मौसम साफ होने के बाद बालटाल बेस कैंप में मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था के बीच भक्तों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं ने भी यात्रा दोबारा शुरू होने पर खुशी जताई और बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर अपनी प्रसन्नता जाहिर की।
पवित्र गुफा के आसपास हालात सामान्य
अमरनाथ गुफा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कुछ समय के लिए मुश्किल हालात बने थे। प्रशासन की टीमों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और अब यात्रा सामान्य तरीके से आगे बढ़ रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: बाबा अमरनाथ के भक्तों के लिए बड़ी खबर, खराब मौसम के चलते यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित
पहलगाम रूट पर अभी रोक जारी
फिलहाल पहलगाम मार्ग से यात्रा शुरू नहीं की गई है। अधिकारियों के अनुसार, इस रास्ते पर मरम्मत और जरूरी काम चल रहे हैं, जिसके कारण अभी श्रद्धालुओं को केवल बालटाल रूट से ही आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। बता दें कि कश्मीर घाटी के कई इलाकों में पिछले दिनों भारी बारिश और बादल फटने जैसी घटनाओं के कारण जलभराव की स्थिति बनी थी। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने 2 अगस्त को भी घाटी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।