
अंबेडकरनगर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया. यहां एक लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया कि दिनदहाड़े चारपहिया वाहन में सवार कुछ लोगों ने असलहे के बल पर उनकी बेटी का अपहरण कर लिया. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और 24 घंटे के अंदर ही इस “इश्क और अपहरण” के मामले का राज़ खोल दिया. यह घटना अंबेडकरनगर के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र की है. गुरुवार को लड़की के पिता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि कुछ लोग उनकी बेटी को बंदूक की नोक पर जबरन ले गए. पुलिस ने तुरंत अपहरण का मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने लड़की का मोबाइल कॉल डिटेल खंगाला और घटना स्थल का निरीक्षण किया. मौके की स्थिति और सुरागों से पुलिस को शक हुआ कि मामला वैसा नहीं है जैसा बताया गया है. आगे की जांच में सामने आया कि यह अपहरण नहीं बल्कि प्रेम प्रसंग का मामला है.
ये भी पढ़ें : मोहम्मद सिराज और जनाई भोसले के रिश्ते पर लगा विराम, अफवाहों का सच सामने आया
मदरसे में शुरू हुआ था रिश्ता
पुलिस के अनुसार जिस युवक के साथ लड़की गई वह संतकबीरनगर जिले का रहने वाला निशार खा है, जो अंबेडकरनगर के एक मदरसे में शिक्षक था. लड़की उसी मदरसे में पढ़ाई करती थी और बाद में निशार से ट्यूशन भी लेने लगी. पढ़ाई के दौरान ही दोनों के बीच प्यार हो गया और वे आपसी रजामंदी से साथ चले गए.
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने कॉल डिटेल और अन्य सबूतों के आधार पर दोनों को 24 घंटे के अंदर बरामद कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने पूरी बात कबूल कर ली. पुलिस ने साफ किया कि असलहे के बल पर अपहरण का आरोप झूठा है. अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्याम देव ने बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग का है और झूठी सूचना देने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे जांच चल रही है.