EV Sales: देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'ईंधन बचाने' की अपील का असर अब दिखने लगा है। चंडीगढ़ और मोहाली जैसे शहरों में इलेक्ट्रिक गाड़ियों (EV) की मांग बहुत तेजी से बढ़ गई है। खासकर युवा और नौकरी करने वाले लोग अब पेट्रोल-डीजल वाली गाड़ियां छोड़कर इलेक्ट्रिक कार और स्कूटर खरीदना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
कारों की बुकिंग 44% बढ़ी
चंडीगढ़ और मोहाली के कार शोरूम के मालिकों ने बताया कि अप्रैल के मुकाबले मई महीने में इलेक्ट्रिक कारों की बुकिंग करीब 44% बढ़ गई है। अप्रैल महीने में जहां करीब 50 इलेक्ट्रिक कारें बुक हुई थीं, तो वहीं मई महीने में यह गिनती बढ़कर 72 हो गई है। उनका कहना है कि पेट्रोल की बढ़ती कीमत और प्रधानमंत्री की अपील ने लोगों का ध्यान ईवी की तरफ खींचा है।
ईवी कारों को लेकर लोगों में बढ़ रही जिज्ञासा
शोरूम में आने वाले लोग अब गाड़ी की बैटरी, चार्जिंग का खर्चा और वो एक बार चार्ज होने पर कितनी दूर चलेगी, इन सब बातों के बारे में खूब पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले लोग पेट्रोल कारों के बारे में आकर पूछताछ करते थे, लेकिन अब इलेक्ट्रिक कारों को लेकर पूछताछ कर रहे हैं। ईवी गाड़ियों को लेकर लोगों की जिज्ञासा काफी बढ़ गई है।
स्कूटर और बाइक की भी बढ़ी बिक्री
मिली जानकारी के अनुसार सिर्फ इलेक्ट्रिक कारों की नहीं नहीं बल्कि इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक की बिक्री में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। मोहाली के एक डीलर ने बताया कि अप्रैल महीने के मुकाबले मई महीने में ब्रिकी 50 से 60 फीसदी तक बढ़ गई है। लोग महंगे पेट्रोल के खर्च से बचने के लिए इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर को एक बेहतर और सस्ता विकल्प मान रहे हैं।
पिछले साल के मुकाबले 41 फीसदी बढ़ोत्तरी
ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर पेट्रोल-डीजल के दामों में इसी तरह बढ़ोत्तरी होती रही तो आने वाले महीनों में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांगी तेजी से बढ़ सकती है। वाहन पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2026 में पूरे देश में करीब 2,39,025 इलेक्ट्रिक गाड़ियां बिकी हैं, जो पिछले साल के मुकाबले 41 प्रतिशत ज्यादा हैं।