
Amit Shah attacks RJD: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पटना में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन में राजद और कांग्रेस पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को “परिवारवाद की राजनीति” को अस्वीकार कर “प्रदर्शन की राजनीति” को चुनना चाहिए। शाह ने चेताया कि जनता को यह सुनिश्चित करना होगा कि ‘जंगलराज’ की वापसी कभी न हो। उन्होंने कहा कि एनडीए ने बिहार को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है, जबकि विपक्ष केवल वंशवाद और निजी स्वार्थों की राजनीति कर रहा है।
नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से निकाला
अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 20 सालों में बिहार को जंगलराज से मुक्त कर सुशासन की नींव रखी है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में गंगा पर नए पुल, चार नए एयरपोर्ट, दरभंगा एम्स और कई औद्योगिक परियोजनाएं बिहार में विकास की तस्वीर बदल रही हैं। शाह ने कहा कि नीतीश कुमार को ‘सुशासन बाबू’ यूं ही नहीं कहा जाता — उन्होंने बिहार की खोई हुई गरिमा को वापस लाया है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए की डबल इंजन सरकार ने राज्य में शांति, निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति दी है।
यह भी देखेंःCausing Panic in Chamoli: उत्तराखंड में कुबेर पर्वत पर ग्लेशियर टूटा, चमोली में मचा हड़कंप
सरकारी नौकरी के लिए पैसा कहां से लाएगी?’
गृह मंत्री शाह ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद हर परिवार को सरकारी नौकरी देने का वादा कर रही है, लेकिन क्या वे बता सकते हैं कि इसके लिए पैसा कहां से आएगा? उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक चुनावी छलावा है, जबकि एनडीए रोजगार सृजन के लिए उद्योग, डेटा सेंटर और एआई हब जैसे ठोस कदम उठा रही है। शाह ने कहा कि बिहार आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की क्रांति का नेतृत्व कर सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकास और सुशासन की सरकार को फिर से चुनें, ताकि राज्य को फिर कभी जंगलराज का सामना न करना पड़े।