बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर इन दिनों चर्चाएं तेज हैं। खबरों के मुताबिक, उनकी तबीयत खराब होने की वजह से लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) की शूटिंग कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी है। बताया जा रहा है कि मौसम में बदलाव के कारण उन्हें वायरल या फ्लू जैसी परेशानी हुई है। इसी वजह से डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। नए एपिसोड की शूटिंग नहीं होने के चलते फिलहाल शो में पुराने एपिसोड प्रसारित किए जा रहे हैं। हालांकि, उनकी सेहत खराब होने की खबरों पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रामायण स्पेशल एपिसोड के बाद शूटिंग से दूरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमिताभ बच्चन ने करीब दो सप्ताह पहले रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे के साथ रामायण से जुड़ा विशेष एपिसोड शूट किया था। इसके बाद से वह KBC के सेट पर नजर नहीं आए हैं। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत ठीक नहीं होने के कारण शूटिंग का कार्यक्रम प्रभावित हुआ। अमिताभ बच्चन अपने काम को लेकर हमेशा गंभीर रहे हैं और इस उम्र में भी लंबे समय तक शूटिंग करते हैं। ऐसे में उनके काम से ब्रेक लेने की खबर ने प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है।
अमिताभ ने ब्लॉग में दी अपनी सेहत की जानकारी
अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर भी अपनी सेहत और आराम को लेकर पोस्ट साझा किया था। वहीं, 7 नवंबर 2026 को अपने ब्लॉग में उन्होंने बताया कि वह धीरे-धीरे अपनी पुरानी दिनचर्या और कामकाज की जिंदगी में लौट रहे हैं। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा कि कभी-कभी नियमित दिनचर्या से दूर रहने के कारण चश्मा, मोबाइल और कुछ घंटे पहले किए गए काम तक याद नहीं रहते। हालांकि, स्कूल के दिनों की पुरानी बातें उन्हें आज भी अच्छी तरह याद हैं।
यह भी देखेंःPM Modi Wishe Diwali: पीएम मोदी ने देशवासियों को दी दिवाली की शुभकामनाएं, जवानों के साथ मनाएंगे त्योहार
शूटिंग से ब्रेक की वजह पर अलग-अलग दावे
अमिताभ बच्चन के शूटिंग से दूर रहने को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट्स सामने आई हैं। जहां कुछ खबरों में इसकी वजह उनकी खराब सेहत बताई जा रही है, वहीं 'द इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि शूटिंग से दूरी का कारण उनकी व्यस्त तारीखें हो सकती हैं। इस रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रेक का संबंध उनकी तबीयत से जरूरी नहीं है। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्होंने शूटिंग से दूरी किस वजह से बनाई है।
सुरक्षा को लेकर भी सामने आई थी खबर
हाल ही में अमिताभ बच्चन के घर को निशाना बनाने की धमकी मिलने की खबर भी सामने आई थी। बताया गया था कि मुंबई के मेयर को ईमेल के जरिए यह धमकी भेजी गई थी। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, अमिताभ के शूटिंग से ब्रेक लेने का इस सुरक्षा संबंधी मामले से कोई संबंध नहीं है। फिलहाल प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने और दोबारा पर्दे पर वापसी करने की कामना कर रहे हैं।