Amroha Farmhouse Case : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक 23 वर्षीय युवती ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली है। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो सीआरपीएफ कर्मियों, एक दरोगा और एक सिपाही समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई है।
कैसे अमरोहा पहुंची पीड़िता?
पीड़िता के अनुसार, उसकी पहचान पहले से सीआरपीएफ में तैनात मोहित और लालाराम से थी। उसने बताया कि 21 सितंबर को वह सोनीपत पहुंची, जहां से दोनों उसे कार में लेकर निकले। रास्ते में वे अमरोहा पहुंचे। आरोप है कि यहां उनकी मुलाकात हसनपुर थाने में तैनात दरोगा संजय तोमर से हुई। इसके बाद सभी लोग एक फार्महाउस पहुंचे, जहां दो कमरे लिए गए।
फार्महाउस में दुष्कर्म का आरोप
महिला का आरोप है कि फार्महाउस में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। उसने बताया कि वहां मौजूद लोगों ने उसकी इच्छा के खिलाफ यह कृत्य किया। घटना के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
ये भी पढ़ें : 8 ईमेल के बाद भी नहीं जुड़े 97 वोटर, चुनाव आयोग के सिस्टम पर उठे सवाल
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
अमरोहा के पुलिस अधीक्षक लाखन सिंह यादव ने बताया कि 23 सितंबर की सुबह महिला का फोन आया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। महिला की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच जारी है।
दरोगा और सिपाही पर भी गिरी गाज
घटना में पुलिसकर्मियों के नाम सामने आने के बाद विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। हसनपुर थाने में तैनात दरोगा संजय तोमर और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
फार्महाउस को लेकर भी चर्चा
रिपोर्टों के अनुसार जिस फार्महाउस में घटना होने का आरोप है, वह उत्तराखंड के खानपुर क्षेत्र से विधायक उमेश शर्मा से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से फिलहाल जांच का केंद्र आरोपियों की भूमिका और घटना के तथ्यों पर है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।