मोकामा विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें अब और बढ़ती नजर आ रही हैं। गोपालगंज में वायरल वीडियो और हथियार प्रदर्शन मामले में शुक्रवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। जिला जज राजेंद्र पांडेय की अदालत ने फिलहाल उन्हें कोई राहत देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग भी खारिज कर दी, जिससे अब गिरफ्तारी की आशंका तेज हो गई है।
20 मई पर टिकी नजरें
सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस से केस डायरी तलब की है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 20 मई को होगी। अदालत के फैसले के बाद राजनीतिक और कानूनी हलकों में हलचल बढ़ गई है। अब सभी की नजर अगली तारीख और पुलिस की रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
बचाव पक्ष ने क्या कहा
अनंत सिंह की तरफ से कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश पाठक ने दलील रखी। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर विधायक को फंसाया गया है। उनका दावा था कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और पूरे मामले के पीछे साजिश हो सकती है। बचाव पक्ष ने कहा कि वीडियो में ऐसा कुछ नहीं दिखता जिससे गंभीर आरोप साबित हों।
ये भी पढ़ें : Kerala के नए CM की संपत्ति ने बढ़ाई चर्चा! करोड़ों की दौलत लेकिन खुद की कार नहीं
पुलिस ने रखे गंभीर आरोप
अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में अनंत सिंह अपने समर्थकों और गायक गुंजन सिंह के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान हथियार प्रदर्शन से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाले हथियार प्रतिबंधित श्रेणी के हो सकते हैं।
एफएसएल जांच से खुलेगा राज
पुलिस ने अदालत को बताया कि वायरल वीडियो और हथियारों की सच्चाई की जांच के लिए सामग्री एफएसएल भेजी जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो असली है या उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ हुई है। जांच एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से देख रही हैं।
9 लोगों पर दर्ज केस
इस मामले में गोपालगंज के मीरगंज थाने में अनंत सिंह और गायक गुंजन सिंह समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद विधायक की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब देखना होगा कि 20 मई की सुनवाई में अदालत का अगला रुख क्या रहता है और जांच रिपोर्ट क्या तस्वीर सामने लाती है।