केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर लंबे समय से चल रहा सस्पेंस आखिर खत्म हो गया। कांग्रेस ने वीडी सतीशन के नाम पर मुहर लगा दी है। केसी वेणुगोपाल की जगह वीडी सतीशन को राज्य की कमान सौंपी गई है। चुनाव में जीत के बाद अब उनकी राजनीतिक रणनीति के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी और संपत्ति भी चर्चा का विषय बन गई है। चुनावी हलफनामे में सामने आई जानकारी लोगों का ध्यान खींच रही है।
6 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति
चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के अनुसार वीडी सतीशन ने अपनी कुल संपत्ति करीब 6.65 करोड़ रुपये बताई थी। वहीं उन पर करीब 41.45 लाख रुपये का कर्ज भी है। उनके और परिवार के पास नकदी के रूप में लगभग 73 हजार रुपये बताए गए, जबकि अलग-अलग बैंक खातों में करीब 73.62 लाख रुपये जमा हैं। इससे साफ है कि उनकी वित्तीय स्थिति मजबूत मानी जा रही है।
करोड़पति लेकिन कार नहीं
सबसे दिलचस्प बात यह सामने आई कि करोड़ों की संपत्ति होने के बावजूद वीडी सतीशन के पास खुद की कोई कार नहीं है। इतना ही नहीं उनके पास किसी प्रकार की एलआईसी पॉलिसी या डाक बचत योजना में निवेश भी नहीं है। हालांकि उन्होंने शेयर और बॉन्ड में करीब 25 हजार रुपये का निवेश जरूर किया है। यही बात उनकी प्रोफाइल को बाकी नेताओं से थोड़ा अलग बनाती है।
ये भी पढ़ें : Hormuz तनाव के बीच भारत को बड़ी राहत! LPG से भरे दो जहाज देश की ओर रवाना
सोने में बड़ा निवेश
वीडी सतीशन और उनकी पत्नी के पास बड़ी मात्रा में सोना भी मौजूद है। चुनावी दस्तावेजों के मुताबिक उनके पास 35 ग्राम सोना है जबकि उनकी पत्नी के पास 1128 ग्राम सोना दर्ज किया गया। दोनों की कुल सोने की संपत्ति करीब 1 करोड़ रुपये के आसपास आंकी गई है। चल संपत्ति की कुल कीमत करीब 2.37 करोड़ रुपये बताई गई है।
जमीन और मकानों की बड़ी हिस्सेदारी
अचल संपत्ति की बात करें तो वीडी सतीशन के पास खेती योग्य जमीन नहीं है, लेकिन उनकी पत्नी के नाम करीब 61 लाख रुपये की कृषि भूमि दर्ज है। इसके अलावा दोनों के नाम पर करीब 3 करोड़ रुपये की गैर कृषि जमीन भी है। उनके नाम 25 लाख रुपये कीमत का एक आवासीय घर भी बताया गया है।
अब नजर होगी कामकाज पर
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि मुख्यमंत्री बनने के बाद अब लोगों की नजर उनकी संपत्ति से ज्यादा उनके फैसलों और शासन शैली पर होगी। विपक्ष और जनता दोनों देखना चाहेंगे कि नई जिम्मेदारी संभालने के बाद वह केरल की राजनीति में क्या नया बदलाव लेकर आते हैं। आने वाले दिनों में उनके फैसले ही उनकी असली पहचान तय करेंगे।