देश के चर्चित उद्योगपति Anil Ambani की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बैंक फ्रॉड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में उनके नेतृत्व वाले रिलायंस ग्रुप पर प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई तेज हो गई है। ताजा कदम में ईडी ने मुंबई स्थित उनके 17 मंजिला आलीशान आवास ‘Abode’ को अस्थायी रूप से अटैच कर लिया है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है।
मुंबई वाले घर पर ईडी का शिकंजा
66 वर्षीय अनिल अंबानी के खिलाफ चल रही जांच में यह अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलायंस कम्युनिकेशंस से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में अब तक करीब 15,700 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं। इसी कड़ी में पाली हिल स्थित उनका निजी निवास भी अटैचमेंट की जद में आ गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह अटैचमेंट फिलहाल अस्थायी है।
ये भी पढ़ें : क्या 8वें वेतन आयोग में कर्मचारियों को मिलेंगे 5 प्रमोशन और OPS की वापसी का तोहफा?
देश के सबसे महंगे घरों में शुमार
पाली हिल में स्थित ‘Abode’ देश के सबसे महंगे निजी आवासों में गिना जाता है। इसकी अनुमानित कीमत 3716.83 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि कुछ रिपोर्ट्स में इसकी वैल्यू करीब 5000 करोड़ रुपये तक आंकी गई है। इस भव्य आवास में अनिल अंबानी अपनी पत्नी टीना अंबानी और परिवार के साथ रहते हैं। आलीशान डिजाइन और अत्याधुनिक सुविधाओं के कारण यह घर अक्सर चर्चा में रहता है।
राजमहल जैसी भव्यता
करीब 16,000 वर्गफुट क्षेत्र में फैली यह 17 मंजिला इमारत लगभग 66 मीटर ऊंची है और देश की ऊंची निजी इमारतों में शामिल मानी जाती है। हर मंजिल पर आधुनिक वास्तुकला और लक्जरी इंटीरियर की झलक मिलती है। इसकी बनावट और डिजाइन इसे किसी राजमहल जैसा रूप देती है। अंदरूनी साज-सज्जा में प्रीमियम मटेरियल और हाई-एंड फिनिशिंग का इस्तेमाल किया गया है।
छत पर हेलीपैड से लेकर लग्जरी सुविधाएं
इस आलीशान घर की सबसे खास बात इसकी छत पर बना हेलीपैड है। इसके अलावा जिम, स्पा, स्विमिंग पूल और विशाल लाउंज एरिया जैसी सुविधाएं इसे और खास बनाती हैं। लग्जरी कार कलेक्शन के लिए भी पर्याप्त स्पेस मौजूद है। बालकनी से समुद्र और शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है, जहां से सूर्योदय और सूर्यास्त का दृश्य बेहद आकर्षक बताया जाता है। अब यही शानदार ‘Abode’ ईडी की कार्रवाई के कारण सुर्खियों में है।