Ankit Balian Murder : हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान एक अहम सुराग सामने आया है। घटना को अंजाम देने वाले संदिग्ध बदमाशों की तस्वीरें सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद इन तस्वीरों तक पहुंची है। अब इन्हीं के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश तेज कर दी गई है।
रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
शामली सदर कोतवाली के नालापटरी आर्यपुरी इलाके में हुई इस सनसनीखेज वारदात को लेकर शुरुआती जांच में रेकी किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले अंकित की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलने के बाद जिम से बाहर निकलते समय उन्हें गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी से मिली अहम तस्वीरें
पुलिस घटना के बाद से ही आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध आरोपियों की तस्वीरें सामने आने की बात कही गई है। सोशल मीडिया पर भी इन तस्वीरों के वायरल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब तस्वीरों और अन्य सुरागों की मदद से संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
ये भी पढ़ें : Nepal बाढ़ की असली वजह क्या? Glacier 1200 मीटर नीचे गिरा और मचा जलप्रलय
सोनीपत विवाद से जुड़ रहे तार
जांच में एक और एंगल सामने आया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि अंकित बालियान पहले सोनीपत में रहकर गाने तैयार करते थे। वहां किसी विवाद के बाद उनके शामली आने की बात सामने आई है। इसी वजह से पुलिस अब इस हत्याकांड के तार सोनीपत और हरियाणा से भी जोड़कर जांच कर रही है। हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।
अंतिम संस्कार से पहले बढ़ी सुरक्षा
अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके परिवार और समर्थकों में भारी आक्रोश है। उनके पिता लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। गुरुवार 27 अगस्त को अंकित का अंतिम संस्कार होना है। इसे देखते हुए उनके गांव में पुलिस और पीएसी बल की तैनाती की गई है। शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के अनुसार, मामले के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टीमों को घटना के अलग-अलग पहलुओं की जांच की जिम्मेदारी दी गई है।